गरबा में सिर्फ हिंदुओं को मिले प्रवेश, विहिप और बजरंग दल ने की बैठक

WhatsApp Channel Join Now
गरबा में सिर्फ हिंदुओं को मिले प्रवेश, विहिप और बजरंग दल ने की बैठक


रामगढ़, 30 सितंबर (हि.स.)। रामगढ़ जिले में आगामी नवरात्रि और गरबा आयोजनों को लेकर विश्व हिंदू परिषद (विहिप) और बजरंग दल की जिला स्तरीय बैठक बुधवार को शहर के होटल ला मैरिटल में हुई। बैठक में गरबा कार्यक्रमों की प्रवेश व्यवस्था, प्रतिभागियों की पहचान और सुरक्षा को लेकर संगठन की ओर से विभिन्न मांगें रखी गईं।

विहिप जिला मंत्री छोटू वर्मा ने गरबा आयोजकों से प्रवेश से पहले वैध फोटो पहचान पत्र अथवा आधिकारिक प्रवेश पास की जांच कराने की मांग की। संगठन की ओर से गरबा कार्यक्रमों में केवल हिंदू प्रतिभागियों को प्रवेश देने की मांग भी रखी गई। उन्होंने नवरात्रि के धार्मिक महत्व को देखते हुए प्रतिभागियों से तिलक लगाकर गरबा में शामिल होने की अपील की।

बजरंग दल जिला संयोजक महेंद्र ठाकुर ने कहा कि गरबा कार्यक्रमों में कार्यरत कलाकार, फोटोग्राफर, वीडियोग्राफर, लाइट-साउंड ऑपरेटर, खानपान कर्मी, पार्किंग कर्मचारी और बाउंसरों का सत्यापन कराया जाना चाहिए। संगठन ने महिलाओं की सुरक्षा को लेकर छेड़छाड़, अनुचित फोटोग्राफी-वीडियोग्राफी और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी की मांग की।

बैठक में आयोजकों से निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित करने की अपील की गई। संगठन ने कहा कि नियमों के उल्लंघन की स्थिति में पुलिस-प्रशासन को सूचना दी जानी चाहिए। साथ ही कार्यकर्ताओं से भी कानून अपने हाथ में नहीं लेने की अपील की गई। विहिप प्रांत संगठन मंत्री चितरंजन कुमार और दुर्गा वाहिनी की प्रांत संयोजिका किर्ती गौरव ने नवरात्रि को आस्था और भक्ति का पर्व बताते हुए गरबा आयोजनों में धार्मिक मर्यादा और सुरक्षा व्यवस्था का विशेष ध्यान रखने की बात कही।

बैठक में निर्णय लिया गया कि 8 अक्टूबर को रामगढ़ जिले में दुर्गा वाहिनी की ओर से भव्य पथ संचलन निकाला जाएगा। कार्यक्रम को लेकर कार्यकर्ताओं को आवश्यक जिम्मेदारियां भी सौंपी गईं।

बैठक में विहिप जिला सह मंत्री भागीरथ पोद्दार, सह मंत्री अमित कुमार, दुर्गा वाहिनी जिला संयोजिका अनामिका श्रीवास्तव, विनय शर्मा, अनिकेत कुमार, आशीष शर्मा सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Share this story