एसआईआर में मतदाताओं के आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन जरूरी : आयुक्त
रामगढ़, 05 सितंबर (हि.स.)। जिले में एसआईआर की प्रक्रिया चल रही है। दवा और आपत्ति चरण की समीक्षा उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल के आयुक्त विजय कुमार गुप्ता की ओर से की गई। शनिवार को वे रामगढ़ पहुंचे और मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने सबसे पहले राजनीतिक दलों के अध्यक्ष, सचिव और प्रतिनिधियों के साथ बैठक की।
बैठक की शुरुआत करते हुए डीसी ऋतुराज ने कहा कि सभी जनप्रतिनिधियों और राजनीतिक दलों को इस प्रक्रिया में सक्रियता से भाग लेना है। एसआईआर के तहत गणना चरण के बाद आयोग की ओर से निर्धारित प्रक्रिया और दावा आपत्ति चरण चलाया जा रहा है। आयुक्त विजय कुमार गुप्ता ने कहा कि मतदाताओं के दस्तावेजों का सत्यापन बेहद जरूरी है। उन्होंने रामगढ़ और बड़कागांव विधानसभा क्षेत्र में पंजीकृत मतदाताओं की संख्या औ संबंधित विवरण से उपस्थित प्रतिनिधियों को अवगत कराया। उन्होंने कहा कि 05 अगस्त को मतदाता सूची के प्रकाशन के पश्चात जिले में 1,58,935 ऐसे मतदाता हैं, जिनकी पूर्व निर्वाचन नामावली से मैपिंग नहीं हो पाई है। ऐसे मतदाताओं को नियमानुसार नोटिस जारी किया गया है। सुनवाई की प्रक्रिया के बाद योग्य मतदाताओं का नाम वोटर लिस्ट में शामिल कर लिया जाएगा। इस कार्य के लिए दोनों विधानसभाओं को मिलाकर 11 ईआरओ, एईआरओ और एडिशनल एईआरओ की प्रतिनियुक्ति की गई है।
बैठक में दवा एवं आपत्ति चरण के उद्देश्यों की जानकारी देते हुए आयुक्त ने कहा कि 01 अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले सभी भारतीय नागरिकों से घोषणा पत्र सहित प्रपत्र 6 प्राप्त किया जाएगा। उनका नाम बताता सूची में शामिल होगा। वर्ष 2003 की निर्वाचक नामावली में नाम दर्ज नहीं होने वाले नागरिकों और गणना प्रपत्र प्रस्तुत नहीं करने वाले नागरिकों से भी घोषणा पत्र, प्रपत्र 6 प्राप्त कर उनका नाम सूची में शामिल किया जाएगा। एक ही परिवार के सभी सदस्यों का नाम उनके निवास के निकटतम मतदान केंद्र पर स्थानांतरित करने के लिए मतदाताओं से प्रपत्र 8 भरवारा जाएगा।
आयुक्त विजय कुमार गुप्ता ने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से एसआईआर में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि योग्य नागरिकों का नाम सूची में अवश्य शामिल होना चाहिए। उनका नाम किसी कारणवश से छूट गया तो निश्चित समय सीमा के भीतर प्रपत्र 6 एवं घोषणा पत्र प्राप्त कर उनका नाम सूची में शामिल करवाने में राजनीति दलों के प्रतिनिधि अपना सहयोग करें।
आयुक्त विजय कुमार गुप्ता ने बैठक के बाद मध्य विद्यालय नयानगर, घुटुवा और अनुमंडल कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान वहां हो रही सुनवाई की प्रक्रिया का उन्होंने जायजा लिया। बड़कागांव विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या 447, राजकीय मध्य विद्यालय बरकाकाना का भी आयुक्त ने निरीक्षण किया। यहां संबंधित बीएलओ से दवा एवं आपत्ति चरण के दौरान प्रपत्र 6 एवं प्रपत्र 8 की ऑनलाइन प्रविष्टि की प्रगति की जानकारी ली।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

