टैगोर हिल के पास नए वेंडिंग स्थल पर वेंडरों का पुनर्वास शुरू

WhatsApp Channel Join Now
टैगोर हिल के पास नए वेंडिंग स्थल पर वेंडरों का पुनर्वास शुरू


रांची, 18 जुलाई (हि.स.)। रांची नगर निगम ने मोरहाबादी मैदान से हटाए गए वेंडरों के पुनर्वास की दिशा में पहल करते हुए शनिवार से टैगोर हिल के समीप नए वेंडिंग स्थल पर उन्हें व्यवस्थित रूप से बसाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

निगम की ओर से यहां लगभग 45 डिसमिल गैरमजरूआ भूमि पर वेंडरों को बैठाकर उनकी आजीविका को सुरक्षित रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है।

इधर, पूर्व में ही रांची नगर निगम की महापौर रोशनी खलखो और उपमहापौर नीरज कुमार ने अधिकारियों के साथ संयुक्त निरीक्षण किया था। नए वेंडिंग स्थल के चयन करने की बात पर और मोरहाबादी मैदान से हटाए गए वेंडरों को स्थायी और व्यवस्थित व्यवसायिक स्थान उपलब्ध कराने की बात घोषणा की थी। निगम की टीम ने स्थल पर पहुंचकर वेंडरों से बातचीत की और उनकी समस्याएं और सुझाव की जानकारी ली। साथ ही वेंडरों के लिए नए स्थान पर सुव्यवस्थित तरीके से बैठाने की प्रक्रिया पूरी कराई। अधिकारियों ने वेंडरों को भरोसा दिलाया कि उनकी आजीविका प्रभावित नहीं होने दी जाएगी और व्यवसाय संचालन के लिए आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।

मौके पर महापौर ने कहा कि इस पहल से वेंडरों को सुरक्षित और बेहतर कार्य वातावरण मिलेगा। साथ ही आम नागरिकों को सुगम आवागमन, बेहतर यातायात व्यवस्था, स्वच्छता और सुव्यवस्थित शहरी वातावरण का लाभ मिलेगा। निगम ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी वेंडरों के हितों और शहर के समग्र विकास के बीच संतुलन बनाए रखते हुए आवश्यक कदम उठाए जाते रहेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story