हथियार छिपाने के आरोपित को ढूंढ रही पुलिस, कार बरामद

WhatsApp Channel Join Now
हथियार छिपाने के आरोपित को ढूंढ रही पुलिस, कार बरामद


रामगढ़, 22 मई (हि.स.)। शहर के पारसोतिया मुहल्ले में प्रेमी अंकित यादव ने जब खुद पर गोली चलाई, तो उसके दोस्त उतेश गोस्वामी ने उसका हथियार छुपाने का प्रयास किया।

11 मई की शाम हुई इस घटना के बाद उतेश गोस्वामी किसी को नजर नहीं आया। अस्पताल में इलाजरत अंकित यादव का बयान रामगढ़ पुलिस दर्ज कर चुकी है। लेकिन फरार उतेश गोस्वामी अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। उसकी कार रामगढ़ के ही जंगल से बरामद हुई है।

रामगढ़ एसपी मुकेश कुमार लुनायत ने उतेश को हर हाल में गिरफ्तार करने का निर्देश दिया है। रामगढ़ थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडे ने बताया कि गोलीकांड के दौरान जिस वैगन-आर कार जेएच 24 सी 3167 का इस्तेमाल हुआ था, उसकी तलाश पुलिस काफी तेजी से कर रही थी।

गुरुवार की रात उन्हें गुप्त सूचना मिली कि वह कार पारसोतिया बेलवागढ़ा में अंटी फैक्ट्री के पीछे जंगल में छिपा कर रखी गई है। रामगढ़ थाना प्रभारी के नेतृत्व में अनुसंधानकर्ता जॉनी कुमार ने पूरे क्षेत्र का मुआयना किया। उन्हें वैगन आर कार जेएच 24 सी 3167 जंगल में ही छिपा कर रखी हुई मिली।

रामगढ़ थाना प्रभारी ने शुक्रवार काे बताया कि उतेश गोस्वामी ज्यादा दिन तक फरार नहीं रह पाएगा। पुलिस लगातार उसे गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी कर रही है। टेक्निकल सेल भी उनकी मदद कर रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Share this story