रांची में आगामी 10 नवंबर को सजेगी जश्न-ए-उर्दू की महफिल
-रांची में 10 नवंबर को राज्य स्तरीय उर्दू सम्मेलन, संरक्षण और नई पीढ़ी तक पहुंच पर होगा मंथन
रांची, 27 सितंबर (हि.स.)। राजधानी रांची के हज हाउस में 10 नवंबर को राज्य स्तरीय उर्दू सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। सहाफी एसोसिएशन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट की ओर से प्रस्तावित सम्मेलन की तैयारियों और रूपरेखा को लेकर रविवार को स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें विभिन्न जिलों से पहुंचे बुद्धिजीवियों, साहित्यप्रेमियों और उर्दू भाषा के प्रति रुचि रखने वाले लोगों ने हिस्सा लिया।
बैठक में उर्दू भाषा के संरक्षण, संवर्धन और प्रचार-प्रसार के साथ उसकी समृद्ध साहित्यिक एवं सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के उपायों पर विचार-विमर्श किया गया। वक्ताओं ने उर्दू के विकास और व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता बताई।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि उर्दू केवल एक भाषा नहीं, बल्कि मोहब्बत, अदब, इंसानियत और भाईचारे की जुबान है। उर्दू को किसी एक धर्म या समुदाय तक सीमित नहीं किया जाना चाहिए। यह देश की साझा सांस्कृतिक और साहित्यिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
मंत्री ने बताया कि सम्मेलन में साहित्यकारों, पत्रकारों, बुद्धिजीवियों, शिक्षाविदों, विद्यार्थियों और उर्दू प्रेमियों को आमंत्रित किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, झारखंड कांग्रेस प्रभारी के. राजू, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, कल्याण मंत्री हफीजुल हसन और वरिष्ठ नेता फुरकान अंसारी की उपस्थिति प्रस्तावित है।
बैठक में सम्मेलन के आयोजन की रूपरेखा, अतिथियों को आमंत्रित करने और कार्यक्रम को व्यापक स्तर पर आयोजित करने को लेकर भी चर्चा हुई। आयोजकों के अनुसार, सम्मेलन में उर्दू के साहित्यिक, सामाजिक और सांस्कृतिक पक्षों पर विचार-विमर्श के साथ भाषा के संरक्षण और नई पीढ़ी तक इसकी पहुंच बढ़ाने के उपायों पर भी चर्चा होगी।
बैठक में सहाफी एसोसिएशन के अध्यक्ष शाहीन अहमद, कार्यकारी अध्यक्ष आसिफ नईम, महासचिव फिरोज जिलानी, सचिव रमीज, सह-सचिव फहीम अख्तर सहित कई पत्रकार और अन्य लोग मौजूद रहे।
---------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

