नवजात की मौत पर अस्पताल में हंगामा

WhatsApp Channel Join Now
नवजात की मौत पर अस्पताल में हंगामा


बोकारो, 07 अप्रैल (हि.स.)। चास निवासी मिराज अंसारी के नवजात बच्चे की मौत के बाद अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगे हैं। अंसारी की पत्नी को डिलीवरी के लिए केएम मेमोरियल अस्पताल में 3 अप्रैल को भर्ती कराया गया था। सिजेरियन ऑपरेशन के जरिए बच्चे का जन्म हुआ, जिसे परिजन पूरी तरह स्वस्थ बता रहे हैं।

परिजनों के अनुसार, जन्म के बाद बच्चे की स्थिति सामान्य थी और उसे मां के साथ ही वार्ड में रखा गया था। सोमवार देर रात बच्चे के हल्के अस्वस्थ होने पर नर्स को सूचना दी गई, जिसके बाद डॉक्टर की ओर से दवा और इंजेक्शन लिखे गए। आरोप है कि बिना पर्याप्त निगरानी के बच्चे को इंजेक्शन दिया गया।

मंगलवार सुबह जब बच्चा सो रहा था, उसी दौरान नर्स ने दोबारा इंजेक्शन लगा दिया। परिजनों का कहना है कि इंजेक्शन लगते ही बच्चे की हालत अचानक बिगड़ गई। इसके बाद आनन-फानन में बच्चे को एनआईसीयू में ले जाया गया, जहां कुछ ही देर में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि बच्चा पूरी तरह स्वस्थ था, फिर भी बिना डॉक्टर की तत्काल निगरानी के इंजेक्शन दिया गया। साथ ही यह भी आरोप है कि बच्चे को विधिवत एडमिट नहीं किया गया था और नर्सिंग स्टाफ ने समय पर डॉक्टर को सूचना नहीं दी।

घटना के बाद गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

वहीं, अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि बच्चे की तबीयत बिगड़ने के बाद उसे तुरंत उपचार दिया गया, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका।

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल कुमार

Share this story