(अपडेट) हवा और हल्की बारिश से बदली रांची की फिजा, गिरा तापमान

WhatsApp Channel Join Now
(अपडेट) हवा और हल्की बारिश से बदली रांची की फिजा, गिरा तापमान


रांची, 27 मार्च (हि.स.)। राजधानी रांची और आसपास के इलाकों में शुक्रवार को 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा और हल्की बारिश होने से फिजा अचानक बदल गई। बारिश होने से मौसम काफी सुहाना हो गया। साथ ही तापमान में भी 04 से 05 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। तेज हवा चलने के चलते रांची के कई स्थानों पर कई पेड़ धराशाई हो गए। इससे लोगों को आवागमन में भी परेशानी हुई।

वहीं शुक्रवार को रांची में दिनभर मौसम साफ रहा, लेकिन शाम होते ही मौसम ने करवट ली और तेज आंधी के साथ हल्की बारिश हुई। बारिश होने से वातावरण में ठंड महसूस की गई।

इधर, तीन-चार दिनों से बारिश नहीं होने से तापमान में बढ़ोतरी दर्ज होने लगी। यही वजह है कि कई जिलों में फिर से तापमान में वृद्धि दर्ज की गई। शुक्रवार को डाल्टनगंज में अधिकतम तापमान बढ़कर 37.6 डिग्री हो गया है, जबकि जमशेदपुर में तापमान 37 डिग्री और चाईबासा एवं सरायकेला में तापमान बढ़कर 36 डिग्री के स्तर तक पहुंच गया है।

हालांकि कुछ जिलों में अभी भी तापमान अपेक्षाकृत नहीं बढ़ा है। इनमें रांची और लोहरदगा में 32 डिग्री, लातेहार में 28 डिग्री एवं खूंटी में 33 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

वहीं मौसम विभाग ने 31 मार्च तक राज्य की विभिन्न जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।

उल्लेखनीय है कि पिछले एक सप्ताह से राजधानी रांची सहित राज्य के विभिन्न जिलों में गर्जन के साथ बारिश और वज्रपात की घटनाएं हुई हैं।

इधर, पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक तापमान 37.6 डिग्री डाल्टनगंज में और सबसे कम तापमान लातेहार में 14.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

वहीं, शुक्रवार को रांची में अधिकतम तापमान 32.8 डिग्री और न्यूनतम 17.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं जमशेदपुर में अधिकतम 37 डिग्री और न्यूनतम 20.2 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम 37.6 और न्यूनतम 18.6 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 35.5 डिग्री और न्यूनतम 17.6 डिग्री एवं चाईबासा में अधिकतम तापमान 36.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

Share this story