(अपडेट) चुटूपालू घाटी में 30 फिट गहरी खाई में गिरा लकड़ी लदा ट्रक, खलासी की मौत

WhatsApp Channel Join Now
(अपडेट) चुटूपालू घाटी में 30 फिट गहरी खाई में गिरा लकड़ी लदा ट्रक, खलासी की मौत


रामगढ़, 10 जुलाई (हि.स.)। रांची-पटना मुख्यमार्ग अंतर्गत फोरलेन के चुटूपालू घाटी में शुक्रवार को एक ट्रक अनियंत्रित होकर करीब 30 फिट गहरी खाई में गिर गया। इस घटना में खलासी की मौत हो गई, जबकि चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घंटों मशक्कत के बाद गंभीर रूप से घायल चालक को निकाल कर सदर अस्पताल पहुंचाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज लिए रिम्स रेफर कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार रांची से रामगढ़ की ओर आ रहा लकड़ी लदा ट्रक चुटूपालू घाटी में अचानक अनियंत्रित हो गया। वह ट्रक डिवाइडर तोड़ते हुए करीब 30 फिट गहरी खाई में जा गिरा। घटना की सूचना पाकर पुलिस और एनएचएआई की टीम घटनास्थल पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाया। इस दौरान गंभीर रूप से घायल ड्राइवर को घंटों मशक्कत के बाद निकाला गया, जबकि खलासी की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। मृतक की पहचान पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा जयपुर निवासी रौफीक कुंड मंडल के रुप में हुई है, जबकी घायल चालक की पहचान विश्वजीत मिर्धा के रूप में हुई है।

एनएचएआई की ओर से चुटूपालू घाटी में बनाए गए स्ट्रिप ब्रेकर वाहन चालकों के लिए काल बन गया है। घाटी में रुके एक ट्रेलर चालक ने बताया कि स्ट्रिप ब्रेकर के कारण ब्रेक प्रेशर निकल जाता है, जिसके कारण ब्रेक लेदर काफी हीट हो जाता है। इससे ब्रेक फेल होने की संभावना अधिक रहती है। उसने कहा कि सड़क दुर्घटना को रोकने के लिए घाटी में बेहतर उपाए करने की जरूरत है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Share this story