लोक सेवाओं के पारदर्शी वितरण में उपरबरगा पंचायत को मिला सम्मान

WhatsApp Channel Join Now
लोक सेवाओं के पारदर्शी वितरण में उपरबरगा पंचायत को मिला सम्मान


रामगढ़, 28 नवंबर (हि.स.)। तकनीक के माध्यम से ग्रामीणों तक सरकारी सेवाओं को प्रभावी, सुगम और पारदर्शी तरीके से पहुंचाने के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए रामगढ़ जिले की उपरबरगा पंचायत को राज्यस्तरीय सम्मान से नवाजा गया है। शनिवार को रांची के खेलगांव में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में आयोजित राज्यस्तरीय समारोह में झारखंड सरकार के पंचायती राज विभाग की ओर से पंचायत को यह सम्मान प्रदान किया गया। विभाग की उप निदेशक रश्मि लकड़ा ने पंचायत के मुखिया जीतलाल टुडू और वीएलई जयपाल सिंह मुंडा को सम्मानित किया।

गोला प्रखंड की उपरबरगा पंचायत का चयन 'प्रौद्योगिकी के माध्यम से लोक सेवाओं का प्रभावी और पारदर्शी वितरण' श्रेणी में बेहतर प्रदर्शन के आधार पर किया गया है। पंचायत में डिजिटल सेवाओं के विस्तार से ग्रामीणों को अब कई सरकारी सुविधाएं स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हो रही हैं। आधार कार्ड निर्माण और अपडेशन के अलावा जाति, आवासीय और आय प्रमाण पत्र सहित विभिन्न सेवाओं के लिए ग्रामीणों को दूर स्थित सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं।

उपरबरगा पंचायत में केवल डिजिटल सुविधाओं का विस्तार ही नहीं, बल्कि कृषि एवं ग्रामीण आजीविका को मजबूत बनाने की दिशा में भी उल्लेखनीय पहल की जा रही है। औराडीह गांव में ड्रिप सिंचाई, मल्चिंग, सौर ऊर्जा आधारित सिंचाई व्यवस्था और पॉली हाउस के माध्यम से ग्राफ्टेड सब्जियों की खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है। वहीं, नेमरा के धुमकुड़िया भवन में किसानों को मशरूम उत्पादन का प्रशिक्षण देकर स्वरोजगार से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

उल्लेखनीय है कि उपरबरगा पंचायत के अंतर्गत आने वाला नेमरा गांव मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पैतृक गांव है। क्षेत्र में आधारभूत संरचनाओं के विकास, सिंचाई सुविधाओं के विस्तार, ज्ञान केंद्र (लाइब्रेरी) की स्थापना और ग्रामीणों को आजीविका एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार पहल की जा रही है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की सहभागिता से इन योजनाओं को धरातल पर उतारा जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784966 Articles

Share this story