रामगढ़ की उपरबरगा पंचायत को मिलेगा राज्य स्तरीय पुरस्कार

WhatsApp Channel Join Now
रामगढ़ की उपरबरगा पंचायत को मिलेगा राज्य स्तरीय पुरस्कार


रामगढ़ की उपरबरगा पंचायत को मिलेगा राज्य स्तरीय पुरस्कार


- डिजिटल तकनीक से लोक सेवाओं के पारदर्शी वितरण और ग्रामीण आजीविका के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए हुआ चयन

रामगढ़, 27 नवंबर (हि.स.)। रामगढ़ जिले के गोला प्रखंड की उपरबरगा ग्राम पंचायत ने अपनी उत्कृष्ट कार्यशैली से राज्य स्तर पर जिले का मान बढ़ाया है। झारखंड सरकार के पंचायती राज विभाग ने पंचायत का चयन प्रौद्योगिकी के माध्यम से लोक सेवाओं के प्रभावी एवं पारदर्शी वितरण श्रेणी में राज्य स्तरीय पुरस्कार के लिए किया है। 28 नवंबर को रांची के खेलगांव में आयोजित समारोह में पंचायत को सम्मानित किया जाएगा।

उपरबरगा पंचायत ने डिजिटल तकनीक के प्रभावी इस्तेमाल से ग्रामीणों तक सरकारी सेवाओं की पहुंच आसान और पारदर्शी बनाई है। पंचायत स्तर पर वीएलई और डिजिटल माध्यमों से आधार कार्ड बनाने एवं उसमें सुधार करने के साथ जाति, आवासीय और आय प्रमाण पत्र सहित विभिन्न जरूरी दस्तावेजों से जुड़ी सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इससे ग्रामीणों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिली है और उन्हें समय पर सेवाओं का लाभ मिल रहा है।

डिजिटल सेवाओं के साथ पंचायत ने कृषि और ग्रामीण आजीविका के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय पहल की है। औराडीह गांव में ड्रिप सिंचाई, मल्चिंग, सौर ऊर्जा आधारित सिंचाई और पॉलीहाउस के माध्यम से ग्राफ्टेड सब्जियों की खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है। जिला प्रशासन की ओर से डीएमएफटी मद के तहत स्मार्ट फार्मिंग से जुड़ी परियोजनाएं भी संचालित की जा रही हैं।

वहीं, नेमरा स्थित धुमकुड़िया भवन में 80 किसानों को पांच दिवसीय मशरूम उत्पादन का प्रशिक्षण दिया गया है। प्रशिक्षण के साथ किसानों को उत्पादन बैग भी उपलब्ध कराए गए, ताकि वे स्वरोजगार से जुड़कर अपनी आय बढ़ा सकें।

उल्लेखनीय है कि उपरबरगा पंचायत के अंतर्गत आने वाला नेमरा गांव मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पैतृक गांव है। पंचायत का राज्य स्तरीय पुरस्कार के लिए चयन पूरे रामगढ़ जिले के लिए गौरव की बात है। पंचायत में आधारभूत संरचनाओं के विकास, सिंचाई सुविधाओं के विस्तार, ज्ञान केंद्र (लाइब्रेरी) की स्थापना और ग्रामीणों को आजीविका के साधनों से जोड़ने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन और क्षेत्र में विकास कार्यों को आगे बढ़ाने में उनके योगदान के साथ-साथ स्थानीय ग्रामीणों, मुखिया, जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक तंत्र के समन्वित प्रयासों ने पंचायत को नई पहचान दिलाई है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784450 Articles

Share this story