एचईसी बचाने के लिए प्रधानमंत्री को ज्ञापन सौंपेंगा यूनियन
रांची, 26 नवंबर (हि.स.)।
एचईसी को बंद होने से बचाने और कर्मचारियों के बकाया वेतन भुगतान की मांग को लेकर सभी श्रमिक यूनियनों ने प्रधानमंत्री को तीन सूत्रीय ज्ञापन सौंपने का प्रस्ताव पारित किया है।
गुरुवार को एचईसी मुख्यालय के समक्ष राम कुमार नायक की अध्यक्षता में आयोजित कामगार सभा में यह निर्णय लिया गया।
सभा में हरेन्द्र कुमार सिंह ने सभी यूनियनों की ओर से प्रधानमंत्री को ज्ञापन सौंपने का प्रस्ताव रखा।
इसमें एचईसी को बंद नहीं करने, कंपनी का भेल (बीएचईएल) में विलय करने की अनुमति देने और कर्मचारियों के 32 से 36 माह के बकाया वेतन का भुगतान करने की मांग शामिल है। इस दौरान रमाशंकर ने रक्षा राज्य मंत्री, केंद्रीय श्रम मंत्री और राज्यपाल से हुई मुलाकातों का विवरण सभा के समक्ष रखा। मौके पर शनि सिंह ने श्रमिकों से जाति, धर्म, ऊंच-नीच और आंतरिक मतभेदों से ऊपर उठकर एकजुट संघर्ष करने की अपील की। उन्होंने कहा कि एचईसी को बचाने की लड़ाई सभी कर्मचारियों की साझा लड़ाई है।
सभा में लीलाधर सिंह, आरके शाही, गिरीश कुमार चौहान, भोला साव, एसजे मुखर्जी, सुधीर कुमार मिश्र और राममोहन बैठा सहित अन्य श्रमिक प्रतिनिधि मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

