ठेका कर्मियों को नियमित कार्यबल में शामिल करे एचईसी प्रबंधन : लीलाधर

WhatsApp Channel Join Now
ठेका कर्मियों को नियमित कार्यबल में शामिल करे एचईसी प्रबंधन : लीलाधर


रांची, 22 जून (हि.स.)। हटिया प्रोजेक्ट वर्कर्स यूनियन (इंटक) की बैठक में यूनियन के महामंत्री सह इंटक के राष्ट्रीय संगठन सचिव लीलाधर सिंह ने एचईसी प्रबंधन से 20 वर्षों से कार्यरत तकनीकी ठेका कर्मियों को नियमित कार्यबल में समाहित करने और वर्ष 2018 बैच के तकनीकी कर्मियों को नियमानुसार प्रोन्नति देने की मांग की।

यूनियन की ओर से सोमवार को रांची में आयोजित बैठक में लीलाधर सिंह ने कहा कि लंबे समय से कार्यरत तकनीकी ठेका कर्मियों के अनुभव और दक्षता का लाभ एचईसी को मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि इन कर्मियों को नियमित करने से संस्थान को कम लागत पर कुशल श्रमिक उपलब्ध होंगे और कर्मचारियों को स्थायी सेवा का लाभ मिलेगा।

उन्होंने सुझाव दिया कि 15 वर्षों से लगातार कार्यरत ठेका कर्मियों को पहले अस्थायी कर्मी के रूप में नियुक्त किया जाए और 240 दिन की सेवा पूरी होने पर उन्हें स्थायी किया जाए। उन्होंने कहा कि लगातार सेवानिवृत्ति और इस्तीफों के कारण आने वाले वर्षों में एचईसी को कुशल तकनीकी कर्मियों की कमी का सामना करना पड़ सकता है। सिंह ने वर्ष 2018 बैच के तकनीकी कर्मियों की प्रोन्नति लंबित रहने पर भी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि आठ वर्ष बाद भी पदोन्नति नहीं होना कर्मचारियों के मनोबल को प्रभावित कर रहा है।

बैठक में पीएफ से जुड़े रेजर इश्यू के समाधान के बाद जारी दस्तावेजों पर आधिकारिक मुहर और हस्ताक्षर नहीं होने पर भी सवाल उठाए गए। बैठक की अध्यक्षता यूनियन के उपाध्यक्ष गिरीश कुमार चौहान ने की।

इस अवसर पर यूनियन के कई पदाधिकारी और कामगार मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story