वंचित वर्गों को सामाजिक न्याय और अवसर उपलब्ध कराने में आरक्षण की महत्वपूर्ण भूमिका: अठावले

WhatsApp Channel Join Now
वंचित वर्गों को सामाजिक न्याय और अवसर उपलब्ध कराने में आरक्षण की महत्वपूर्ण भूमिका: अठावले


वंचित वर्गों को सामाजिक न्याय और अवसर उपलब्ध कराने में आरक्षण की महत्वपूर्ण भूमिका: अठावले


प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश को मजबूत बनाने की दिशा में निरंतर कार्य हो रहा है : अठावले

रांची, 04 सितंबर (हि.स.)। केंद्रीय सामाजिक न्याय और अधिकारिता राज्य मंत्री रामदास अठावले शुक्रवार को एक दिवसीय दौरे पर रांची पहुंचे। इस दौरान उन्होंने बरियातू स्थित बुद्धा फाउंडेशन परिसर में प्रस्तावित विश्व की पहली महिला यूनिवर्सिटी का शिलान्यास किया। कार्यक्रम का आयोजन बुद्धा फाउंडेशन की ओर से किया गया था।

इसके बाद अठावले ने स्टेट गेस्ट हाउस में आयोजित प्रेस वार्ता में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश को मजबूत बनाने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है। अठावले ने कहा कि झारखंड के दलितों और आदिवासियों के लिए सामाजिक न्याय को और सुदृढ़ करने की दिशा में कार्य किया जाना आवश्यक है। उन्होंने सामाजिक रूप से वंचित वर्गों के हितों को ध्यान में रखते हुए सरकार की योजनाओं और नीतियों के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया। उन्होंने झारखंड में उद्योगों के विकास के लिए राज्य सरकार की ओर से आवश्यक प्रयास किए जाने की आवश्यकता पर बल दिया।

उन्होंने कहा कि खनन उद्योग भी राज्य में औद्योगिक विकास के लिए महत्वपूर्ण क्षेत्र है और इसके विकास की दिशा में प्रयास किए जाने चाहिए। केंद्रीय राज्य मंत्री ने कहा कि भारत सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के झारखंड के लोगों को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य समाज के सभी वर्गों तक विकास और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।

अठावले ने कहा कि भारत सरकार 80 करोड़ लोगों को मुफ्त अनाज उपलब्ध करा रही है, जिससे जरूरतमंद लोगों को खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने में सहायता मिल रही है।

अठावले ने अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षण की आवश्यकता को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि वंचित वर्गों को सामाजिक न्याय और समान अवसर उपलब्ध कराने में आरक्षण की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्लूएस) के लिए आरक्षण को भी सरकार की एक बड़ी उपलब्धि बताया।

इस कड़ी में उन्होंने जातिगत जनगणना के महत्व पर विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय को मजबूत करने और समाज के सभी वर्गों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

केंद्रीय मंत्री ने झारखंड में चल रहे छात्र आंदोलन और पेपर लीक के मामलों पर भी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि छात्रों पर लाठीचार्ज करना और उनके खिलाफ मामले दर्ज करना उचित नहीं है। पेपर लीक मामले की जांच सीबीआई से कराई जानी चाहिए, ताकि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच हो सके।

झारखंड की राजनीति पर उन्होंने कहा कि वर्तमान में राज्य में एनडीए की सरकार नहीं है, लेकिन आने वाले समय में यहां एनडीए की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन फिलहाल उनके साथ नहीं हैं, लेकिन भविष्य में उनके साथ आने की संभावना है। अठावले ने कहा कि हेमंत सोरेन के पिता और झामुमो के वरिष्ठ नेता शिबू सोरेन उनके अच्छे मित्र रहे हैं और उनके साथ उनके अच्छे संबंध रहे हैं।

मुंबई में गैर-मराठियों के लिए मराठी भाषा सीखने को लेकर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भारत के किसी भी हिस्से में कोई भी व्यक्ति जाकर रह सकता है, नौकरी कर सकता है और व्यवसाय कर सकता है। उन्होंने कहा कि लोगों को स्थानीय भाषा सीखने के लिए बाध्य करना उचित नहीं है। इस मौके पर रिपब्लिकन पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष शिवराम उरांव सहित कई लोग मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story