रांची में खिलाड़ियों से मिले केंद्रीय मंत्री मांडविया, कहा- हर बच्चा रोज पहुंचे खेल के मैदान में
रांची, 23 नवंबर (हि.स.)। रांची के मोरहाबादी स्थित बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में केंद्रीय युवा एवं खेलकूद मंत्री मनसुख मांडविया ने मंगलवार को रांची के खिलाड़ियों के साथ संवाद कर उनका हौसला बढ़ाया। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों से उनके अनुभवों, चुनौतियों और खेल के क्षेत्र में उनके लक्ष्यों पर चर्चा की। उन्होंने खिलाड़ियों में राष्ट्रीय खेलों और ओलंपिक गेम्स में देश का प्रतिनिधित्व करने तथा तिरंगे का मान बढ़ाने के लिए नई ऊर्जा और उत्साह का संचार किया।
इस अवसर पर रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, विश्वप्रसिद्ध लिवर रोग विशेषज्ञ डॉ. एस. के. सरीन, झारखंड ओलंपिक एसोसिएशन के महासचिव मधुकांत पाठक, हॉकी ओलंपियन मनोहर टोपनो, द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित हॉकी खिलाड़ी सुमराय टेटे उपस्थित रहे।
मांडविया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्पष्ट संकल्प है कि देश का हर बच्चा और युवा प्रतिदिन खेल के मैदान में पहुंचे। खेल केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं, बल्कि स्वस्थ, अनुशासित और आत्मविश्वासी राष्ट्र के निर्माण का आधार है। उन्होंने खेलो इंडिया मूवमेंट की चर्चा करते हुए बताया कि इसके माध्यम से देशभर में ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की प्रतिभाओं की पहचान की जा रही है। टैलेंट हंट कार्यक्रमों के जरिए युवा खिलाड़ियों को आगे आने का अवसर मिल रहा है। लगभग 4,900 खेलो इंडिया एथलीट इस व्यवस्था से जुड़े हैं और चयनित खिलाड़ियों को प्रतिवर्ष लगभग 7 लाख रुपये तक की सहायता उपलब्ध कराने का प्रावधान है।
उन्होंने कहा कि स्पोर्ट्स ट्रेनिंग सेंटर (एसटीसी) और सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के माध्यम से खिलाड़ियों को उच्चस्तरीय प्रशिक्षण, आधुनिक सुविधाएं और बेहतर संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं ताकि उनकी प्रतिभा को निखारकर उन्हें अंतरराष्ट्रीय प्रतिस्पर्धाओं के लिए तैयार किया जा सके।
केंद्रीय मंत्री ने खिलाड़ियों से आह्वान किया कि वे बड़े सपने देखें, निरंतर मेहनत करें और देश के लिए पदक जीतने का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ें। उन्होंने विश्वास जताया कि भारत की युवा खेल प्रतिभाएं आने वाले समय में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल मंचों पर देश का गौरव बढ़ाएंगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

