यूनियन बैंक ने वित्तीय समावेशन कार्यक्रम का किया आयोजन

WhatsApp Channel Join Now
यूनियन बैंक ने वित्तीय समावेशन कार्यक्रम का किया आयोजन


यूनियन बैंक ने वित्तीय समावेशन कार्यक्रम का किया आयोजन


देवघर, 24 नवंबर (हि.स.)। गौरीपुर पंचायत भवन के सभागार में यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की ओर से वित्तीय समावेशन कार्यक्रम के तहत विशेष संतृप्ति अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बैंक के वरीय अधिकारियों सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि सहित स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं शामिल हुईं।

भारत सरकार के वित्तीय सेवा विभाग के निर्देश पर यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के धनबाद कार्यालय और देवघर शाखा की ओर से आयोजित इस अभियान का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को केंद्र सरकार की विभिन्न वित्तीय और जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ना एवं बैंकिंग सुविधाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना था।

कार्यक्रम में यूनियन बैंक के केंद्रीय महाप्रबंधक गोविंद झा और क्षेत्रीय प्रबंधक दीपमाला लकड़ा विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस दौरान अधिकारियों ने ग्रामीणों को बैंक की विभिन्न जनहितकारी योजनाओं, बचत और निवेश के विकल्पों एवं भविष्य में आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के उपायों की जानकारी दी। साथ ही लोगों को नियमित बचत एवं वित्तीय योजनाओं में निवेश के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम के दौरान बैंक की ओर से गौरीपुर पंचायत के आठ स्वयं सहायता समूहों को लगभग 40 से 50 लाख रुपये तक का ऋण वितरित किया गया। अधिकारियों ने बताया कि ऋण सुविधा से स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को स्वरोजगार एवं छोटे व्यवसाय के माध्यम से आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने में मदद मिलेगी।

इस अवसर पर देवघर शाखा प्रबंधक रविशंकर, देवदत्त मिश्रा, दीपक कुमार, शिवेश स्वरूप, दीपक राणा सहित बैंक के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद थे। वहीं गौरीपुर पंचायत की मुखिया उर्मिला देवी, समाजसेवी महेश राय, जय मिश्रा सहित पंचायत के गणमान्य लोग उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782670 Articles

Share this story