डैम से अज्ञात व्यक्ति का सड़ा-गला शव बरामद, जांच में जुटी पुलिस

WhatsApp Channel Join Now
डैम से अज्ञात व्यक्ति का सड़ा-गला शव बरामद, जांच में जुटी पुलिस


सरायकेला,11 अप्रैल (हि.स.)। सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना क्षेत्र स्थित टायो कॉलोनी के पीछे बने डैम से शनिवार सुबह एक अज्ञात व्यक्ति का सड़ा-गला शव मिला। ग्रामीणों ने इसकी सूचना उक्त थाना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

थाना क्षेत्र से सटे शंकरपुर गांव के कुछ ग्रामीण रोज की तरह सुबह डैम में स्नान करने पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी नजर पानी में तैरते एक शव पर पड़ी। शव की स्थिति अत्यंत खराब और सड़ी-गली थी,जिससे यह अनुमान लगाया जा रहा है कि शव कई दिनों पुराना हो सकता है। इस दृश्य को देखकर ग्रामीण घबरा गए और तुरंत इसकी सूचना गम्हरिया थाना पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय तैराक की मदद से शव को पानी से बाहर निकलवाया। इसके बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल शव की पहचान नहीं हो सकी है,जिससे मामले की गुत्थी और उलझ गई है।

इस संबंध में गम्हरिया थाना प्रभारी रामचंद्र रजक ने बताया कि शव काफी सड़ा-गला होने के कारण उसकी पहचान कर पाना बेहद मुश्किल हो रहा है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। साथ ही आसपास के थानों से गुमशुदगी के मामलों की जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि शव की पहचान हो सके।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story