एचईसी कर्मियों को रिम्स रेफर न करें, एचईसी परिसर में ही करें ओपीडी व्यवस्था : प्रकाश

WhatsApp Channel Join Now
एचईसी कर्मियों को रिम्स रेफर न करें, एचईसी परिसर में ही करें ओपीडी व्यवस्था : प्रकाश


रांची, 18 मई (हि.स.)।

हेवी इंजीनियर्स कॉरपोरेशन (एचईसी) लिमिटेड श्रमिक कर्मचारी यूनियन ने एचईसी कर्मियों एवं उनके आश्रितों के लिए बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने की मांग उठाई है। यूनियन के महामंत्री प्रकाश कुमार ने सोमवार को एचईसी के कार्मिक निदेशक के.के. घोष से शिष्टाचार मुलाकात कर मजदूर कर्मियों की विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया।

इस अवसर पर यूनियन के महामंत्री प्रकाश कुमार ने कहा कि एचईसी परिसर स्थित वेलनेस सेंटर में मजदूर कर्मियों एवं अधिकारियों का समुचित इलाज नहीं हो पा रहा है। यहां के डॉक्टर मामूली जांच के बाद अधिकांश मरीजों को सीधे रिम्स के ओपीडी में रेफर कर देते हैं, जिससे कर्मियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने प्रबंधन से एचईसी परिसर में ही सुदृढ़ ओपीडी व्यवस्था सुनिश्चित करने और मजदूरों एवं उनके आश्रितों के लिए निजी अस्पतालों में भी ओपीडी सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की। इस संबंध में यूनियन की ओर से कार्मिक निदेशक को मांग पत्र भी सौंपा गया।

बैठक के दौरान मजदूर कर्मियों के लंबित वेतन भुगतान, 2018 बैच के प्रमोशन तथा अन्य श्रमिक समस्याओं पर भी चर्चा हुई। निदेशक से मुलाकात करने वालों में यूनियन के सुशील बाजपेई, रामलाल सिंह, मनीष, सुबोध तिग्गा, संजय सिन्हा, ओम प्रकाश, मोहम्मद अलीम, दिवाकर, शेखर चौधरी, पंकज शर्मा सहित कई सदस्य मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story