एचईसी की स्थिति सुधारने रांची पहुंची केंद्रीय संसदीय कमेटी की टीम, २० को करेगी प्लांट का निरीक्षण
रांची, 19 अगस्त (हि.स.)। आर्थिक संकट से जूझ रहे हैवी इंजीनियरिंग कॉरपोरेशन लिमिटेड (एचईसी) की स्थिति सुधारने के उद्देश्य से केंद्रीय संसदीय कमेटी की छह सदस्यीय टीम बुधवार को रांची पहुंची। टीम का नेतृत्व सांसद तिरुचि शिवा कर रहे हैं।। इसमें चार सांसदों के अलावा एचईसी के निदेशक-अध्यक्ष और भेल के ज्वाइंट सेक्रेटरी शामिल हैं। टीम फिलहाल रांची के एक होटल में ठहरी हुई है।
एचईसी के मान्यता प्राप्त यूनियन के महामंत्री लीलाधर सिंह ने बताया कि गुरुवार को संसदीय टीम के सदस्य सबसे पहले एचईसी परिसर में सलामी लेंगे। इसके बाद पौधरोपण कार्यक्रम होगा।
टीम एचईसी के विभिन्न प्लांटों का निरीक्षण कर उत्पादन क्षमता, वर्तमान स्थिति और अन्य गतिविधियों की जानकारी लेगी।
उन्होंने बताया कि संसदीय टीम एचईसी से जुड़े विभिन्न यूनियनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर उनकी समस्याओं और मांगों पर विचार-विमर्श करेगी। इसके बाद लंच के बाद एचईसी प्रबंधन के साथ महत्वपूर्ण बैठक प्रस्तावित है।
बैठक में कंपनी की आर्थिक स्थिति, उत्पादन, कर्मचारियों से जुड़े मुद्दों और पुनरुत्थान की संभावनाओं पर चर्चा होने की उम्मीद है।
लीलाधर सिंह ने कहा कि एचईसी के कर्मचारी और यूनियन लंबे समय से ऐसी पहल का इंतजार कर रहे थे। उन्हें उम्मीद है कि संसदीय टीम कंपनी की समस्याओं का गहन अध्ययन कर केंद्र सरकार के स्तर पर सकारात्मक पहल की दिशा में सुझाव देगी। उन्होंने कहा कि एचईसी के पुनरुत्थान के लिए केंद्र और राज्य सरकार की भूमिका को लेकर भी ठोस चर्चा की संभावना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

