‘जीरो हार्म’ संकल्प के तहत बीएफसीएल में दिया गया सुरक्षा प्रशिक्षण

WhatsApp Channel Join Now
‘जीरो हार्म’ संकल्प के तहत बीएफसीएल में दिया गया सुरक्षा प्रशिक्षण


रामगढ़, 19 नवंबर (हि.स.)। बिहार फाउंड्री एंड कास्टिंग्स लिमिटेड (बीएफसीएल) की हास्प यूनिट स्थित केंद्रीय प्रशिक्षण हॉल में गुरुवार को कर्मचारियों के लिए प्राथमिक उपचार प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यस्थल पर दुर्घटना या किसी अन्य आपातकालीन परिस्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराने, जीवनरक्षक उपायों की जानकारी देने और कर्मचारियों में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित इस प्रशिक्षण में विभिन्न विभागों के नामित कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

प्रशिक्षण सत्र का संचालन कंपनी के कारखाना चिकित्सा पदाधिकारी डॉ लेख राज ने किया। उन्होंने कर्मचारियों को प्राथमिक उपचार के बुनियादी सिद्धांतों की जानकारी देते हुए रक्तस्राव रोकने, घावों की देखभाल, जलने की स्थिति में प्राथमिक सहायता देने और सर्पदंश जैसी आपात परिस्थितियों में आवश्यक सावधानियों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने समझाया कि आपात स्थिति में सही समय पर उचित प्राथमिक उपचार मिलने से घायल व्यक्ति की स्थिति को गंभीर होने से बचाया जा सकता है।

कार्यक्रम के दौरान बुनियादी जीवनरक्षक सहायता और हृदय एवं फेफड़ों को पुनः सक्रिय करने की प्रक्रिया (सीपीआर) की महत्ता पर विशेष जोर दिया गया। कर्मचारियों को आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया देने, पीड़ित को शुरुआती जीवनरक्षक सहायता उपलब्ध कराने एवं व्यावहारिक तौर पर किन सावधानियों का पालन करना चाहिए, इसकी जानकारी दी गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779972 Articles

Share this story