हल जोतने गई अनियंत्रित ट्रैक्टर खाई में पलटा, हादसे में चालक की मौत

WhatsApp Channel Join Now
हल जोतने गई अनियंत्रित ट्रैक्टर खाई में पलटा, हादसे में चालक की मौत


दुमका, 30 मई (हि.स.)। जिले के शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत कुशबोना रोड पर सड़क हादसे में एक अनियंत्रित ट्रैक्टर के खाई में पलट जाने से उसके चालक की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि चालक ट्रैक्टर से खेतों की जुताई करने के बाद वापस भुक्तानडीह लौट रहा था।

इसी दौरान कुशबोना रोड पर कॉलेज मोड़ के समीप ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे गहरी खाई में जा गिरा। हादसा इतना भीषण था कि ट्रैक्टर के नीचे दबने से चालक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतक प्रकाश मरांडी और ट्रैक्टर मालिक दोनों ही भुक्तानडीह गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं। आशंका जताया जा रहा है कि यह दुर्घटना बीते दिन शुक्रवार की देर शाम की है। रात के अंधेरे और सुनसान जगह होने के कारण किसी को इस हादसे की भनक नहीं लग सकी। शनिवार की सुबह जब स्थानीय ग्रामीण मॉर्निंग वॉक के लिए घर से बाहर निकले, तब उन्होंने खाई में पलटे ट्रैक्टर और चालक के शव को देखा। इसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई। इसकी सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी। घटना के बाद से मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है और गांव में शोक का माहौल है। घटना के सूचना मिलते ही शिकारीपाड़ा पुलिस दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंच मामले में कार्रवाई में जुट गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम को लेकर फुलो-झानो मेडिकल काॅलेज अस्पताल भेज दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नीरज कुमार

Share this story