रांची के जमचुआं आयुष्मान आरोग्य मंदिर में शुक्रवार को होगा राज्य स्तरीय ‘उमंग दिवस’ का आयोजन
रांची, 05 मार्च (हि.स.)। नामकुम प्रखंड स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर, जमचुआं में शुक्रवार को राज्य स्तरीय ‘उमंग दिवस’ का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति जागरूक करना और सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी देना है।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की ओर से गुरुवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अभियान निदेशक, वरीय पदाधिकारी सहित कई गणमान्य लोग शामिल होंगे।
कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की जाएगी। साथ ही लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के लिए कई गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी। इस अवसर पर सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी भी लोगों को दी जाएगी, ताकि अधिक से अधिक लोग इन योजनाओं का लाभ उठा सकें।
कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, स्वास्थ्यकर्मियों और ग्रामीणों की भी भागीदारी रहने की संभावना है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अधिकारियों के अनुसार राज्य स्तरीय इस आयोजन के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं को जमीनी स्तर तक सुदृढ़ बनाने और लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में प्रयासों को और गति मिलेगी।-------------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

