उपायुक्त ने 16 अल्ट्रासाउंड सेंटरों के निबंधन-नवीकरण को दी मंजूरी
रांची, 05 सितंबर (हि.स.)। उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री की अध्यक्षता में शनिवार को समाहरणालय सभागार में जिला सलाहकार समिति (पीसी एवं पीएनडीटी) की बैठक हुई।
बैठक में अल्ट्रासाउंड सेंटरों के निबंधन, नवीकरण, मशीनों की फॉर्म-बी में इंट्री, चिकित्सकों की ज्वाइनिंग और मशीन खरीदने और शिफ्टिंग से संबंधित मामलों की समीक्षा की गई। उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने कहा कि पीसी एवं पीएनडीटी अधिनियम के प्रावधानों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि व्यवस्था में पारदर्शिता बनी रहे और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई हो।
बैठक में उन्होंने अल्ट्रासाउंड सेंटरों के नियमित निरीक्षण को लेकर भी दिशा-निर्देश दिए। समिति ने सेंटरों का निर्धारित अंतराल पर निरीक्षण करने और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया। इस अवसर पर समिति ने प्राप्त आवेदनों और आवश्यक दस्तावेजों की जांच के बाद 13 अल्ट्रासाउंड सेंटरों के निबंधन और तीन सेंटरों के नवीकरण को मंजूरी दी। इसके अलावा संस्थानों की मशीनों की फॉर्म-बी में इंट्री तथा प्रमाणपत्रों की जांच के बाद चिकित्सकों की ज्वाइनिंग का भी अनुमोदन किया गया। चिकित्सकों की ज्वाइनिंग से संबंधित पूरी जानकारी गरिमा पोर्टल पर अपलोड करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में उप विकास आयुक्त संजय कुमार भगत, प्रशिक्षु आईएएस आस्था शरण, सिविल सर्जन डॉ. अमरेंद्र प्रसाद, समिति के सदस्य एवं पीसी एवं पीएनडीटी को-ऑर्डिनेटर मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

