यूजीसी-नेट परीक्षा को लेकर छह केंद्रों के पास निषेधाज्ञा लागू

WhatsApp Channel Join Now
यूजीसी-नेट परीक्षा को लेकर छह केंद्रों के पास निषेधाज्ञा लागू


रांची, 17 जून (हि.स.)।

यूजीसी-नेट जून 2026 परीक्षा के शांतिपूर्ण, कदाचारमुक्त और व्यवस्थित संचालन को लेकर रांची प्रशासन ने जिले के छह परीक्षा केंद्रों के आसपास निषेधाज्ञा लागू कर दी है।

सदर अनुमंडल दंडाधिकारी कुमार रजत ने बीएनएसएस की धारा 163 के तहत परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर दायरे में प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किया है।

यह आदेश 22 जून से 30 जून 2026 तक प्रतिदिन सुबह 06 बजे से रात 09 बजे तक प्रभावी रहेगा।

जिला प्रशासन की ओर से बुधवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) की ओर से रांची के छह उपकेंद्रों पर यूजीसी-नेट जून 2026 परीक्षा आयोजित की जानी है।

परीक्षा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी रोकने के लिए दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है।

जारी आदेश के तहत परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में पांच या उससे अधिक व्यक्तियों के एकत्र होने, ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग, हथियार या पारंपरिक अस्त्र-शस्त्र लेकर चलने एवं किसी प्रकार की सभा, बैठक या प्रदर्शन आयोजित करने पर प्रतिबंध रहेगा।

हालांकि सरकारी कार्य में लगे अधिकारी-कर्मचारी और आवश्यक सरकारी कार्यक्रम इससे मुक्त रहेंगे। यह निषेधाज्ञा रामटहल चौधरी इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी ओरमांझी, ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल, आईऑन डिजिटल जोन तुपुदाना, अरुणुमा टेक्निकल सर्विसेज समलोंग, आईक्यूब डिजिटल इरबा तथा फ्यूचर ब्राइट पुंदाग सहित छह परीक्षा केंद्रों पर लागू रहेगी। प्रशासन ने अभ्यर्थियों और आम लोगों से सहयोग की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story