झारखंड में टाइफाइड सर्विलांस अभियान पर कार्यशाला का आयोजन

WhatsApp Channel Join Now
झारखंड में टाइफाइड सर्विलांस अभियान पर कार्यशाला का आयोजन


रांची, 22 मई (हि.स.)। झारखंड में टाइफाइड सेंटिनल सर्विलांस के शुरु होने को लेकर शुक्रवार को कार्यशाला का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) झारखंड के निदेशक शशि रंजन झा ने राज्य में रोग निगरानी प्रणाली को मजबूत करने की जरूरत पर बल दिया। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य टाइफाइड बुखार की साक्ष्य-आधारित निगरानी को मजबूत करना और भविष्य में यूनिवर्सल इम्यूनाइजेशन प्रोग्राम (यूपीयूपीआई) के अंतर्गत टाइफाइड कंजुगेट वैक्सीन (टीसीबी) की शुरुआत करने के लिए आवश्यक आधार तैयार करना है।

कार्यशाला में डॉ सिद्धार्थ सान्याल, डायरेक्टर-इन-चीफ (डीआईसी), डॉ अरुण कुमार, डब्ल्यूएचओ, डॉ अमरेंद्र कुमार, डब्ल्यूएचओ, डॉ विजय किशोर राजक, राज्य टीकाकरण पदाधिकारी (एसआईओ), झारखंड और डॉ प्रदीप, राज्य सर्विलांस पदाधिकारी सहित अन्य ने प्रतिभागियों का मार्गदर्शन किया। उन्होंने टाइफाइड सर्विलांस के उद्देश्यों, प्रयोगशाला आधारित निदान की जरूरत और सेंटिनल साइट्स की भूमिका पर विस्तार से जानकारी दी।

रिम्स, रांची के माइक्रोबायोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ मनोज ने रक्त नमूना संग्रहण, प्रयोगशाला जांच की प्रक्रिया और सैंपल की गुणवत्ता बनाए रखने के मानकों पर तकनीकी प्रस्तुति दी।

कार्यशाला में राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स), पीडियाट्रिक विभाग, प्रिवेंटिव एंड सोशल मेडिसिन (पीएसएम) विभाग, रानी चिल्ड्रेन हॉस्पिटल, अंजुमन इस्लामिया अस्पताल और सदर अस्पताल, रांची के प्रतिनिधियों सहित अन्य लोग मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story