सड़क हादसे में दाे युवकाें की माैत, तीन गंभीर
लातेहार, 25 जुलाई (हि.स.)। जिले के बालूमाथ थाना क्षेत्र के गणेशपुर हाई स्कूल के समीप शनिवार को दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने हुई टक्कर में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों की पहचान हजारीबाग निवासी महावीर गंझू (32) और चतरा निवासी पंकज उरांव (24) के रूप में हुई है। जबकि घायलों में सविता देवी, फूलमती देवी और संजय उरांव शामिल हैं।
घायलों का प्राथमिक उपचार बालूमाथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में करने के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रिम्स, रांची रेफर कर दिया गया।
स्थानीय लाेगाें से मिली जानकारी के अनुसार, महावीर गंझू अपनी पत्नी के साथ बालूमाथ थाना क्षेत्र के गोलीटांड़ स्थित अपने ससुराल जा रहे थे। इसी दौरान गणेशपुर की ओर से बालूमाथ आ रही दूसरी बाइक, जिस पर संजय उरांव सहित तीन लोग सवार थे, गणेशपुर हाई स्कूल के समीप सामने से आ रही बाइक से टकरा गई। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और सभी घायलों को बालूमाथ अस्पताल पहुंचाया। जहां जांच के बाद चिकित्सकों ने दो लोगों को मृत घोषित कर दिया। जबकि गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को प्राथमिक इलाज के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया।
थाना प्रभारी अमरेंद्र कुमार ने बताया कि घटना के बाद मृतकों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए लातेहार सदर अस्पताल भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की छानबीन की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव कुमार

