खड़ी ट्रक से टकराई बाइक, दो युवकों की मौत

WhatsApp Channel Join Now
खड़ी ट्रक से टकराई बाइक, दो युवकों की मौत


दुमका, 10 जुलाई (हि.स.)। जिले के दुमका-भागलपुर स्टेट हाईवे पर रामगढ़ थाना क्षेत्र के सहेजना गांव के समीप गुरुवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया और पुलिस को शव उठाने से रोक दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रात करीब 10:45 बजे सड़क किनारे एक ट्रक खड़ा था। ट्रक चालक और खलासी भोजन बनाने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान नोनीहाट की ओर से तेज रफ्तार में आ रही एक बाइक ट्रक के पिछले हिस्से से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पर सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे में करेली मोड़ निवासी गौरी शंकर मांझी के 25 वर्षीय पुत्र करण कुमार मांझी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं सरंगपानी गांव निवासी स्वर्गीय भैरव लायक के 25 वर्षीय पुत्र अजय कुमार लायक गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें इलाज के लिए फूलो-झानो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, दुमका ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी भी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही रामगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगाकर हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई और मुआवजे की मांग की।

रामगढ़ थाना के एसआई रमेश भगत ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची थी। गंभीर रूप से घायल युवक को इलाज के लिए दुमका भेजा गया था, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

ग्रामीणों का आरोप है कि सहेजना गांव के पास रात के समय अक्सर भारी वाहन सड़क किनारे खड़े रहते हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। उन्होंने प्रशासन से इस पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नीरज कुमार

Share this story