गुमला में सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत, तीसरा गंभीर
गुमला, 21 नवंबर (हि.स.)। झारखंड के गुमला जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र में डडगांव मोड़ के समीप हुए सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार दो युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि उनका तीसरा साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। घायल युवक का गुमला सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, पुनीत एक्का (23), पिता स्व. कमलचंद एक्का, विकास कुजूर (21), पिता स्व. वाल्टर कुजूर और कुलदीप टोप्पो (30), पिता सुनील टोप्पो एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर चैनपुर थाना क्षेत्र के रातु गम्हरिया गांव में धान मिसने गए थे। काम पूरा करने के बाद तीनों शुक्रवार की आधी रात अपने घर लौट रहे थे।
इसी दौरान मोटरसाइकिल (जेएच07एन-3850) से डडगांव मोड़ के पास पहुंचने पर सामने से आ रहे एक वाहन की तेज हेडलाइट की रोशनी चालक की आंखों पर पड़ी। इससे चालक का संतुलन बिगड़ गया और मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। हादसे में पुनीत एक्का और विकास कुजूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कुलदीप टोप्पो गंभीर रूप से घायल हो गया।
दोनों मृतक रायडीह प्रखंड के सुरसांग थाना क्षेत्र स्थित नीचे खटगा गांव के निवासी थे। घायल कुलदीप भी इसी गांव का रहने वाला है। दुर्घटना में उसके दाहिने पैर में फ्रैक्चर हुआ है और शरीर के अन्य हिस्सों में भी गंभीर चोटें आई हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही चैनपुर थाना के पुलिस अवर निरीक्षक विजय उरांव और सहायक अवर निरीक्षक धर्मपाल लुगुन पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से घायल कुलदीप को तत्काल चैनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां चिकित्सक डॉ. प्रभात ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए गुमला सदर अस्पताल रेफर कर दिया। फिलहाल उसका उपचार जारी है।
चिकित्सकों ने दो युवकों की मौत की पुष्टि की। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद दोनों के शव परिजनों को सौंप दिए गए। घटना के बाद मृतकों के गांव और आसपास के क्षेत्रों में मातम पसरा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। चैनपुर पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।-----------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

