तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत, सड़क जाम

WhatsApp Channel Join Now
तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत, सड़क जाम


तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत, सड़क जाम


रांची, 29 नवंबर (हि.स.)। राजधानी रांची में रविवार सुबह हुए एक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा पंडरा ओपी क्षेत्र के बाजरा स्थित देवकमल हॉस्पिटल के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे में दोनों के शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गए।

पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान अमन बारला और आशीष तिर्की के रूप में हुई है। दोनों मांडर थाना क्षेत्र के बनहौरा गांव के रहने वाले थे। हादसे की खबर मिलते ही स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। आक्रोशित लोगों ने घटनास्थल के पास सड़क जाम कर दिया और जगह-जगह टायर जलाकर विरोध प्रदर्शन किया। सड़क जाम होने से यातायात प्रभावित हुआ।

घटना की सूचना मिलने पर पंडरा ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की। पंडरा ओपी प्रभारी विवेक कुमार ने बताया कि हादसे में दो युवकों की मौत हुई है। पुलिस दुर्घटना को अंजाम देने वाले अज्ञात वाहन की पहचान करने में जुटी है। इसके लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

वहीं, स्थानीय लोग सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने सड़क पर टायर जलाकर आगजनी भी की। खबर लिखे जाने तक घटनास्थल पर सड़क जाम जारी था।--------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

785081 Articles

Share this story