चुट्टुपालू घाटी में टकराए दो ट्रक, हादसे में फंसे कार सवार का पुलिस ने किया रेस्क्यू

WhatsApp Channel Join Now
चुट्टुपालू घाटी में टकराए दो ट्रक, हादसे में फंसे कार सवार का पुलिस ने किया रेस्क्यू


चुट्टुपालू घाटी में टकराए दो ट्रक, हादसे में फंसे कार सवार का पुलिस ने किया रेस्क्यू


चुट्टुपालू घाटी में टकराए दो ट्रक, हादसे में फंसे कार सवार का पुलिस ने किया रेस्क्यू


रामगढ़, 30 जुलाई (हि.स.)। रामगढ़-रांची राष्ट्रीय राजमार्ग-33 पर मौत की घाटी के नाम से प्रसिद्ध चुट्टूपालू घाटी में गुरुवार को भीषण सड़क हादसा हुआ। इस भीषण सड़क हादसे में कई लोग घायल हुए और मौत उन्हें छूकर निकल गई। घाटी में एक अनियंत्रित ट्रक डिवाइडर फांद कर दूसरे लेन में एक ट्रक से टकरा गया। दोनों ट्रकों के बीच एक कार फंस गई। इस दौरान एक बार फिर यह कहावत चरितार्थ हुई कि जाको राखे साईंया, मार सके न कोय। हादसा इतना भयावह था कि घटनास्थल पर जुटे लोगों की सांसें थम गईं। करीब तीन घंटे तक मौत और जिंदगी के बीच फंसे महिला-पुरुष को जीवित पुलिस ने रेस्क्यू अभियान चलाकर बाहर निकाल लिया।

जानकारी के अनुसार, तेज रफ्तार एक अनियंत्रित ट्रक डिवाइडर पर चढ़ते हुए सामने की ओर जा रहे दूसरे ट्रक के ऊपर जा गिरा। दोनों ट्रकों के बीच एक चारपहिया वाहन पूरी तरह दब गया। दबा चारपहिया वाहन दोनों ट्रकों के बीच इस तरह फंस गया था कि केवल एकदम छोटा सा हिस्सा ही दिखाई दे रहा था। वाहन में सवार लोगों की आवाज सुनकर ही पता चला कि गाड़ी में कुछ लोग सवार हैं। रामगढ़ पुलिस और जिला प्रशासन की ओर से करीब तीन घंटे तक मौत और जिंदगी के बीच फंसे महिला और पुरुष को निकालने में सफलता हासिल की गई।

दोनों ट्रकों में भारी सामान लदा होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन बेहद चुनौतीपूर्ण था। पहले ट्रक से सामान उतरवाया गया, इसके बाद क्रेन, हाइड्रा और अन्य भारी मशीनों की सहायता से ट्रक हटाया गया। लगभग तीन घंटे की मशक्कत के बाद जब कार तक पहुंचा गया तो वहां मौजूद हर व्यक्ति हैरान रह गया। कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी थी, लेकिन उसके अंदर फंसे दोनों व्यक्ति जीवित थे।

रेस्क्यू कर जिस महिला की जान बचाई गई उसने भगवान को याद करते हुए कहा कि यह सब ऊपरवाले की कृपा, सभी लोगों के आशीर्वाद और रेस्क्यू टीम की मेहनत से संभव हो पाया। कार से वे दोनों हजारीबाग मेडिकल कॉलेज जा रहे थे। उन्हें तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया गया।

रामगढ़ थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडे ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जानकारी में तीन वाहनों के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचने पर पाया गया कि एक ट्रक चारपहिया वाहन के ऊपर गिरा हुआ था। जेसीबी और हाइड्रा की मदद से ट्रक हटाया गया। कार में फंसे दोनों लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर बेहतर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Share this story