(अपडेट )आईईडी विस्फोट में घायल कोबरा बटालियन के सहायक कमांडेंट और हेड कांस्टेबल को भेजा गया बेहतर इलाज के लिए दिल्ली
रांची, 01 मार्च (हि.स.)। झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के घने सारंडा जंगल में रविवार तड़के सुरक्षाबलों और प्रतिबंधित माओवादी संगठन भाकपा (माओवादी) के बीच हुई मुठभेड़ के दौरान इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) विस्फोट में कोबरा बटालियन के सहायक कमांडेंट समेत तीन जवान घायल हो गए। सभी घायलों को हेलीकॉप्टर के माध्यम से रांची लाकर राज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
झारखंड पुलिस के आईजी अभियान सह पुलिस प्रवक्ता माइकल राज एस ने बताया कि मुठभेड़ में घायल हुए कोबरा के हेड कांस्टेबल और आईईडी ब्लास्ट में घायल हुए असिस्टेंट कमांडेंट को बेहतर इलाज के लिए दिल्ली ले जाया गया है। दोनों को बेहतर इलाज के लिए एम्स भेजा गया है।
झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिला में सारंडा के घने जंगलों में रविवार तड़के सुरक्षाबलों और प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) के बीच भीषण मुठभेड़ हुई है।
मिली जानकारी की अनुसार छोटानागरा और जराईकेला थाना क्षेत्र में सुबह करीब पांच बजे शुरू हुए कॉम्बिंग ऑपरेशन के दौरान सबसे पहले नक्सलियों ने आईईडी विस्फोट किया। इसमें कोबरा के असिस्टेंट कमांडेंट अजय मलिक घायल हो गए। आनन-फानन में असिस्टेंट कमांडेंट को बीएसएफ के हेलीकॉप्टर से एयरलिफ्ट कर रांची लाया गया।
इसी बीच नक्सलियों ने सुरक्षा बलों पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसमें कोबरा के हेड कांस्टेबल विक्रम यादव को गोली लगने से घायल हो गए। घायल हेड कांस्टेबल को भी तत्काल एयरलिफ्ट कर रांची के राज अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। वहीं एक अन्य जवान संजीव भी घायल बताए जा रहे।
घायल अधिकारी और जवान को देखने के लिए आईजी अभियान झारखंड और सीआरपीएफ आईजी अस्पताल पहुंचे। झारखंड पुलिस के आईजी अभियान ने बताया कि घायलों को बेहतर इलाज के लिए दिल्ली शिफ्ट किया जा रहा है। दोनों जवानों को रविवार रात को दिल्ली के एम्स भेजा गया है।
आईजी अभियान डॉ. माइकल राज ने बताया कि पुलिस और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में कई नक्सली हताहत हुए हैं। इलाके में पुलिस सर्च अभियान चला रही है। फिलहाल अब तक किसी भी नक्सली का शव नहीं मिला है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

