नक्सलियों के साथ मुठभेड़ में घायल दो जवान दिल्ली रेफर, ग्रीन कॉरिडोर बनाकर भेजा गया एयरपोर्ट
रांची, 16 अप्रैल (हि.स.)। पश्चिमी सिंहभूम (चाइर्बासा) के सारंडा में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ में घायल सीआरपीएफ कोबरा बटालियन 205 के इंस्पेक्टर सत्य प्रकाश और शैलेश कुमार दुबे को बेहतर इलाज के लिए एयर एंबुलेंस से दिल्ली रेफर किया गया है।गुरुवार को रांची स्थित राज अस्पताल से लेकर एयरपोर्ट तक ग्रीन कॉरिडोर बनाकर दोनों जवानों को बेहतर इलाज के लिए एयर एंबुलेंस से दिल्ली भेजा गया है।बुधवार को नक्सलियों के साथ हुई मुठभेड़ में जवान सत्य प्रकाश और शैलेश कुमार दुबे घायल हो गए थे। इसके बाद उन्हें एयरलिफ्ट कर रांची लाया गया था। रांची में इलाज के बाद गुरुवार को डॉक्टरों ने दोनों के बेहतर इलाज को लेकर दिल्ली जाने की सलाह दी। इसके बाद रांची ट्रैफिक पुलिस के जरिये अस्पताल से लेकर एयरपोर्ट तक ग्रीन कॉरिडोर बनाया गया। जैसे ही ट्रैफिक पुलिस को यह सूचना मिली कि घायल इंस्पेक्टर सत्य प्रकाश और शैलेश कुमार दुबे को एयर एंबुलेंस से इलाज के लिए दिल्ली भेजना है, तुरंत ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह ने अपनी टीम को एक्टिव किया। आनन-फानन में अस्पताल से लेकर रांची एयरपोर्ट तक ग्रीन कॉरिडोर बना दिया गया। एक घंटे के अंतराल पर दोनों घायलों को मात्र 4 से 5 मिनट के बीच रांची एयरपोर्ट पहुंचा दिया गया।रांची के ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह ने बताया कि ट्रैफिक टीम ने ग्रीन कॉरिडोर बना कर दोनों घायलों को एयरपोर्ट काफी कम समय मे पहुंचा दिया था।बुधवार, 15 अप्रैल को झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के सारंडा जंगल में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में सीआरपीएफ कोबरा 205 बटालियन के चार जवान घायल हो गये थे। चारों को बेहतर इलाज के लिए हेलीकॉप्टर से रांची लाया गया था। सभी को राज अस्पताल में भर्ती कराया गया था। घायलों में कोबरा बटालियन के इंस्पेक्टर सत्य प्रकाश, शैलेश कुमार दूबे, प्रेमचंद दास और जितेन्द्र कुमार रॉय शामिल थे। सीआरपीएफ के अधिकारियों के अनुसार जितेन्द्र कुमार रॉय के बायें पैर में और शैलेश कुमार दूबे की गर्दन में गोली लगी थी जबकि प्रेमचंद दास के घुटने के नीचे गोली लगी थी। सत्य प्रकाश को स्प्लिंटर इंजरी थी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

