अफीम के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
अफीम के साथ दो तस्कर गिरफ्तार


अफीम के साथ दो तस्कर गिरफ्तार


रांची, 15 जुलाई (हि. स.)। रांची पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए नामकुम थाना क्षेत्र से 2.84 किलोग्राम अवैध अफीम के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के पास से दो बाइक और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। मामले में नामकुम थाना में एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।

ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी ने बुधवार को बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक रांची को गुप्त सूचना मिली थी कि रायसा मोड़ की ओर से दो व्यक्ति बाइक पर अवैध अफीम लेकर बिक्री के उद्देश्य से बयानडीह बाजार आने वाले हैं। सूचना मिलते ही पुलिस उपाधीक्षक अमर कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।

छापेमारी दल ने रांची-टाटा रोड स्थित बयानडीह बाजार के पास घेराबंदी की। कुछ देर बाद दो मोटरसाइकिल पर सवार संदिग्ध युवक वहां पहुंचे। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन दोनों बाइक छोड़कर भागने लगे। जवानों ने पीछा कर दोनों को पकड़ लिया।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान गोलगा मुण्डा और विजय मुण्डा के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उनकी मोटरसाइकिल में टंगे झोले से अफीम बरामद हुआ। पूछताछ में दोनों आरोपितों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने जंगल में अवैध रूप से अफीम की खेती कर उसे एकत्र किया था और बिक्री के लिए लेकर आए थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story