आकाशीय बिजली गिरने से दो सगी बहनों की मौत

WhatsApp Channel Join Now
आकाशीय बिजली गिरने से दो सगी बहनों की मौत


दुमका, 01 जुलाई (हि.स.)। जिले के काठीकुंड प्रखंड के बिछियापहाड़ी (बूढ़ीडंगाल) गांव में मंगलवार रात आकाशीय बिजली की चपेट में आने से दो सगी बहनों की मौत हो गई, जबकि उनका भाई घायल हो गया।

मृतक बहनों की पहचान शिवलाल मुर्मू की पुत्री मिरु मुर्मू (11) और अनीता मुर्मू (06) के रूप में हुई है। वहीं उनके भाई देवीलाल मुर्मू का उपचार चल रहा है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। घटना की जानकारी मिलते ही सांसद प्रतिनिधि जॉन सोरेन पीड़ित परिवार के घर पहुंचे। उन्होंने दिवंगत बच्चियों को श्रद्धांजलि अर्पित की, शोकाकुल परिजनों को ढांढस बंधाया और तत्काल आर्थिक सहायता प्रदान की। उन्होंने दुख की इस घड़ी में हरसंभव सहयोग का भरोसा भी दिलाया। बीडीओ जॉन सोरेन ने दूरभाष पर बात कर पीड़ित परिवार को सरकारी प्रावधानों के तहत शीघ्र सहायता उपलब्ध कराने का आग्रह किया।

साथ ही शिकारीपाड़ा विधायक आलोक सोरेन से भी परिवार को हरसंभव सहयोग देने का अनुरोध किया। जॉन सोरेन ने कहा कि इस दुखद घड़ी में पूरा झारखंड मुक्ति मोर्चा परिवार पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति और शोक संतप्त परिवार को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

इस अवसर पर झामुमो प्रखंड अध्यक्ष हाजी अब्दुल जब्बार अंसारी, पार्टी कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नीरज कुमार

Share this story