झारखंड में मौसम का बदला मिजाज, रांची में झमाझम बारिश, कई जिलों में वज्रपात और लू का अलर्ट

WhatsApp Channel Join Now
झारखंड में मौसम का बदला मिजाज, रांची में झमाझम बारिश, कई जिलों में वज्रपात और लू का अलर्ट


रांची, 25 जून (हि.स.)। झारखंड में मौसम का मिजाज लगातार बदलता नजर आ रहा है। एक ओर राजधानी रांची सहित कई जिलों में गुरुवार को झमाझम बारिश हुई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली, वहीं दूसरी ओर राज्य के कुछ जिलों में लू चलने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने आगामी मौसम परिस्थितियों को देखते हुए अलग-अलग क्षेत्रों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के उत्तर-पश्चिमी जिलों गढ़वा, पलामू और चतरा के कुछ हिस्सों में शुक्रवार को लू चलने की आशंका है। इसे देखते हुए संबंधित जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। विभाग ने लोगों को दोपहर के समय अनावश्यक रूप से घरों से बाहर नहीं निकलने तथा पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की सलाह दी है।

वहीं राज्य के उत्तर-पश्चिमी जिलों को छोड़कर शेष 20 जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना व्यक्त की गई है। मौसम विभाग ने इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। विभाग ने विशेष रूप से किसानों, खुले क्षेत्रों में काम करने वाले लोगों और पेड़ों के नीचे शरण लेने से बचने की सलाह दी है।

पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में अच्छी बारिश भी दर्ज की गई। इस अवधि में चाईबासा सबसे अधिक वर्षा वाला जिला रहा, जहां 50.3 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। बारिश के कारण कई इलाकों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों को गर्मी से राहत मिली।

गुरुवार को राजधानी रांची में सुबह के समय मौसम सामान्य और आसमान साफ रहा, लेकिन दोपहर बाद अचानक बादल छा गए। इसके बाद शहर और आसपास के क्षेत्रों में तेज बारिश हुई। बारिश के चलते सड़कों पर पानी जमा हो गया, वहीं लंबे समय से गर्मी और उमस से परेशान लोगों ने राहत महसूस की। शाम के समय मौसम सुहावना हो गया और तापमान में भी कमी दर्ज की गई।

मौसम विभाग की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार गुरुवार को राज्य में सबसे अधिक तापमान डाल्टनगंज में 39.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम तापमान लातेहार में 22.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

प्रमुख शहरों के तापमान पर नजर डालें, तो रांची में अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 37.6 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहा। बोकारो में अधिकतम तापमान 36.2 डिग्री और न्यूनतम 26.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं चाईबासा में अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम 23.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी और स्थानीय मौसमी परिस्थितियों के प्रभाव से राज्य में अगले कुछ दिनों तक मौसम में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है। कुछ क्षेत्रों में तेज बारिश, गरज के साथ बौछारें और वज्रपात की घटनाएं हो सकती हैं, जबकि उत्तर-पश्चिमी जिलों में गर्म हवाओं का असर देखने को मिल सकता है।

मौसम विभाग ने लोगों से मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है। विशेष रूप से आकाशीय बिजली की आशंका को देखते हुए खुले मैदानों, जलाशयों और ऊंचे पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है।-------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

Share this story