(अपडेट) पश्चिमी सिंहभूम में बारातियों से भरी पिकअप पलटी, दो लोगों की मौत, छह घायल
पश्चिमी सिंहभूम, 11 मई (हि.स.)। पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर थाना क्षेत्र में सोमवार तड़के हुए एक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उंधन गांव के पास उस समय हुआ, जब बारातियों से भरी एक पिकअप वैन अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 10 फीट नीचे खेत में जा गिरी।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। मृतकों की पहचान बारंगा गांव निवासी 12 वर्षीय रोहन गोप और गोपीपुर गांव निवासी 25 वर्षीय दशरथ सरदार के रूप में हुई है।
हादसे में घायल लोगों में गोपीपुर गांव के सूरज महतो (22), शिशुपाल मोदी (26), राहुल गोप (20), बारंगा गांव के गोपी मोदी (18), सौरभ लोहार (16) तथा मेदासाई गांव निवासी सुरेश गोप (48) शामिल हैं।
स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत मनोहरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल कुछ लोगों को बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया।
हादसे के वक्त पिकअप वाहन संख्या जेएच-06सी/7345 बारंगा गांव से बारातियों को लेकर आनंदपुर प्रखंड के समीज गांव गया था। शादी समारोह के बाद देर रात सभी लोग वापस लौट रहे थे। इसी दौरान उंधन गांव के पास चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। तेज रफ्तार में चल रही पिकअप असंतुलित होकर सड़क किनारे खेत में पलट गई।
वाहन में बारातियों के साथ साउंड सिस्टम का सामान भी लदा हुआ था। आशंका जताई जा रही है कि अधिक भार और तेज रफ्तार के कारण वाहन का संतुलन बिगड़ गया, जिससे हादसा हुआ।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना के समय जोरदार धमाके जैसी आवाज सुनाई दी। इसके बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकाला। अंधेरा और ग्रामीण इलाका होने के कारण शुरुआती राहत कार्य में परेशानी भी हुई।
घटना की सूचना मिलने पर मनोहरपुर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और वाहन पर अत्यधिक भार को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है।-------
हिन्दुस्थान समाचार / उदय कुमार सिंह

