किसान प्रशिक्षण में कीट प्रबंधन की दी गई जानकारी

WhatsApp Channel Join Now
किसान प्रशिक्षण में कीट प्रबंधन की दी गई जानकारी


देवघर, 24 नवंबर (हि.स.)। झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत देवघर प्रखंड अंतर्गत गिधनी (टाभाघाट) पंचायत में आयोजित दो दिवसीय पंचायत स्तरीय किसान प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक समापन हुआ। कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग (कृषि प्रभाग) की ओर से प्रायोजित तथा जिला कृषि पदाधिकारी, देवघर के तत्वावधान में 23 एवं 24 नवंबर को आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य किसानों को फसल सुरक्षा की आधुनिक तकनीकों से अवगत कराना था।

प्रशिक्षण के दौरान कृषि विशेषज्ञों ने किसानों, विशेषकर महिला कृषकों को फसलों को विभिन्न कीटों एवं रोगों से बचाने के आधुनिक और जैविक उपायों की विस्तृत जानकारी दी। विशेषज्ञों ने बुवाई से पूर्व बीजोपचार की महत्ता बताते हुए इसकी सही विधि का प्रायोगिक अभ्यास भी कराया। बताया गया कि बीजोपचार से फसलों को शुरुआती अवस्था में होने वाले विभिन्न रोगों से बचाने में मदद मिलती है और बेहतर उत्पादन की संभावना बढ़ती है।

प्रशिक्षण के व्यावहारिक सत्र में किसानों को खेतों में ले जाकर फेरोमोन ट्रैप लगाने की विधि का जीवंत प्रदर्शन किया गया। इसके साथ ही कीट नियंत्रण के अन्य प्रभावी उपायों की जानकारी भी दी गई। कृषि विशेषज्ञों ने रासायनिक कीटनाशकों के अंधाधुंध इस्तेमाल से बचने तथा पर्यावरण संरक्षण के साथ बेहतर उत्पादन के लिए समेकित कीट प्रबंधन (आईपीएम) तकनीक अपनाने पर विशेष जोर दिया।

इस दौरान किसानों ने फसल सुरक्षा से जुड़ी अपनी समस्याओं को विशेषज्ञों के समक्ष रखा, जिनका समाधान एवं आवश्यक सुझाव दिए गए। कार्यक्रम में कृषि विभाग के संबंधित पदाधिकारी, प्रखंड स्तरीय कर्मी, कृषक मित्र एवं बड़ी संख्या में स्थानीय किसान उपस्थित रहे।

प्रशिक्षण के समापन पर किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने, संतुलित कीटनाशक उपयोग करने तथा वैज्ञानिक तरीके से खेती कर उत्पादन एवं आय बढ़ाने के लिए प्रेरित किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782718 Articles

Share this story