एसबीयू में नर्सिंग शिक्षा पर दो दिवसीय कार्यशाला और टीएनएआई का प्रथम राज्य स्तरीय सम्मेलन शुरू

WhatsApp Channel Join Now
एसबीयू में नर्सिंग शिक्षा पर दो दिवसीय कार्यशाला और टीएनएआई का प्रथम राज्य स्तरीय सम्मेलन शुरू


रांची, 07 नवंबर (हि.स.)। सरला बिरला विश्वविद्यालय (एसबीयू) में शनिवार को ट्रेंड नर्सेज एसोसिएशन ऑफ इंडिया (टीएनएआई) की झारखंड राज्य शाखा और महादेवी बिरला इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग एंड क्लिनिकल टेक्नोलॉजी के संयुक्त तत्वावधान में दो दिवसीय नर्सिंग शिक्षा कार्यशाला एवं टीएनएआई का प्रथम राज्य स्तरीय सम्मेलन शुरू हुआ। इसमें राज्य के विभिन्न नर्सिंग संस्थानों के शिक्षकों और एसोसिएशन के सदस्यों ने भाग लिया।

कार्यशाला के दौरान योग्यता आधारित शिक्षण, अनुकरण आधारित शिक्षण और तर्कशक्ति विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञों ने व्याख्यान दिए और प्रतिभागियों को व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया। वहीं, सम्मेलन में पैलिएटिव केयर (उपशामक देखभाल) पर विशेष सत्र आयोजित किया गया। इसमें मरीजों की देखभाल और उनके जीवन की गुणवत्ता में सुधार लाने में नर्सिंग सेवाओं की भूमिका पर विस्तार से चर्चा हुई।

कार्यक्रम के दौरान समूह नृत्य और व्यक्तित्व प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा एसोसिएशन की आमसभा में टीएनएआई की विभिन्न गतिविधियों और भावी योजनाओं पर विचार-विमर्श किया गया।

इस अवसर पर एसबीयू के प्रतिकुलाधिपति बिजय कुमार दलान और राज्यसभा सांसद डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा ने आयोजन की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के महानिदेशक प्रोफेसर गोपाल पाठक, कुलपति प्रोफेसर सी. जगनाथन, प्रशासक आशुतोष द्विवेदी, महादेवी बिरला इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग एंड क्लिनिकल टेक्नोलॉजी की प्राचार्या डॉ. सुबानी बाड़ा सहित टीएनएआई के पदाधिकारी उपस्थित थे।------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

773881 Articles

Share this story