कृष्णा नगर गुरुद्वारा में श्री गुरु हरकिशन साहिब जी के प्रकाश पर्व पर 15-16 अगस्त को दो दिवसीय कीर्तन दरबार

WhatsApp Channel Join Now
कृष्णा नगर गुरुद्वारा में श्री गुरु हरकिशन साहिब जी के प्रकाश पर्व पर 15-16 अगस्त को दो दिवसीय कीर्तन दरबार


रांची, 14 अगस्त (हि.स.)। राजधानी रांची के रातू रोड स्थित कृष्णा नगर कॉलोनी स्थित गुरुद्वारा साहिब में श्री गुरु हरकिशन साहिब जी के प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में 15 और 16 अगस्त को दो दिवसीय महान कीर्तन दरबार का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान सिख पंथ के प्रसिद्ध रागी जत्था भाई देविंदर सिंह निरमान शबद गायन के माध्यम से साध संगत को निहाल करेंगे।

गुरु नानक सत्संग सभा के सचिव सुरेश मिड्ढा ने शुक्रवार को बताया कि 15 अगस्त को रात आठ बजे से 11.30 बजे तक विशेष दीवान सजाया जाएगा। इसकी शुरुआत स्त्री सत्संग सभा की ओर से शबद गायन से होगी। इसके बाद हजूरी रागी जत्था भाई महिपाल सिंह शबद गायन करेंगे, जबकि गुरुद्वारा के हेड ग्रंथी ज्ञानी जिवेन्द्र सिंह कथा वाचन करेंगे।

रात 9.15 बजे से 11 बजे तक भाई देविंदर सिंह निरमान शबद गायन कर साध संगत को निहाल करेंगे। इस विशेष दीवान में शामिल होने के लिए वह विशेष रूप से रांची पहुंच रहे हैं।

16 अगस्त को सुबह आठ बजे से 10.30 बजे तक विशेष दीवान सजेगा। इसकी शुरुआत भाई महिपाल सिंह की ओर से आसा दी वार कीर्तन से होगी। इसके बाद सुबह नौ बजे से 10.30 बजे तक भाई देविंदर सिंह निरमान शबद गायन करेंगे।

दोनों दीवानों की समाप्ति के बाद गुरु का अटूट लंगर भी चलेगा।

सत्संग सभा के अध्यक्ष अर्जुन देव मिड्ढा ने समूह साध संगत से प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में आयोजित दोनों दीवानों में शामिल होकर गुरु घर की खुशियां प्राप्त करने की अपील की है।

---------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

Share this story