महिलाओं को धोखे में रखकर उनके खाते से हो रहा था साइबर क्राइम, दो धाराए
रामगढ़, 19 जुलाई (हि.स.)। रामगढ़ जिले में साइबर अपराधी महिलाओं के आईडी का गलत उपयोग कर रहे हैं। साइबर क्राइम में शामिल ऐसे दो अपराधियों को पुलिस ने पहले भी गिरफ्तार किया था। ऐसे ही मामले में एक अन्य आराेपित को भी पुलिस ने पकड़ा।
रामगढ़ डीएसपी हेड क्वार्टर अकरम राजा ने रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि साइबर क्रिमिनल नई सराय बस्ती के रहने वाले मो अशफाक उर्फ मो सलमान उर्फ काला को गिरफ्तार किया गया है। उसके पास से तीन एटीएम कार्ड और एक मोबाइल जब्त किया गया है। डीएसपी हेडक्वार्टर अकरम राजा ने बताया कि महिलाओं के नाम पर खाता खोलकर उनके नाम से सिम कार्ड निकाल कर उनके बैंक खाते से रकम का ट्रांजैक्शन किया जा रहा था।
इस मामले में बैंक अकाउंट धारक महिलाओं ने बताया कि उन्हें धोखे में रखकर विश्वासघात करते हुए उनके नाम और बैंक खाते का इस्तेमाल किया गया है। इस मामले में पहले अबू तालिब और सरफराज उर्फ सोनू को गिरफ्तार किया गया था। उनके पास से दो बैंक पासबुक और दो मोबाइल जब्त किया गया था। जब अनुसंधान आगे बढ़ा दो मो अशफाक उर्फ मो सलमान का नाम सामने आया। जब छानबीन की गई तो मो अशफाक उर्फ मो सलमान उर्फ काला फरार हो गया।
इस मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एसआईटी गठित की और उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू की। रविवार को नईसराय बस्ती निवासी मो अशफाक उर्फ मो सलमान उर्फ काला को राजा भट्ठा के पास गिरफ्तार किया गया। उसके पास से एक मोबाइल जब्त हुआ, जिसमें फर्जी सिम लगा हुआ था। साथ ही तीन दूसरे व्यक्तियों के नाम से जारी एटीएम कार्ड भी बरामद हुआ।
छापेमारी दल में डीएसपी हेड क्वार्टर के अलावा साइबर थाने में पदस्थापित इंस्पेक्टर दिगंबर पांडे, विकास आर्यन, सब इंस्पेक्टर रंजीत कुमार यादव, सिपाही जितेंद्र कुमार पासवान, मोहम्मद तौफीक सहित अन्य शामिल थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

