ब्राउन शुगर और एक लाख नगद के साथ महिला सहित दो गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
ब्राउन शुगर और एक लाख नगद के साथ महिला सहित दो गिरफ्तार


रांची, 19 सितंबर (हि.स.)। रांची के नामकुम थाना क्षेत्र के जोरार तेतरी टोली में पुलिस ने शनिवार को ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक महिला सहित दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से 7.88 ग्राम ब्राउन शुगर, 99,680 रुपये नकद और एक बीएमडब्लू बाइक बरामद की है।

डीएसपी अमर कुमार पांडेय ने बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक रांची को गुप्त सूचना मिली थी कि तेतरी टोली जोरार इलाके में एक महिला की ओर से अवैध तरीके से ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के नियंत्रण और वरीय पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय-प्रथम के नेतृत्व में टीम गठित की गई।

गठित टीम ने जोरार तेतरी टोली स्थित ओलिप मुंडा के घर पर छापेमारी की। इस दौरान एक महिला और एक पुरुष को पकड़ा। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मो अमन अंसारी (24), लोअर बाजार निवासी और ओलिप मुंडा (40), नामकुम निवासी के रूप में हुई है। पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान दोनों आरोपितों ने बरामद पदार्थ को ब्राउन शुगर बताते हुए इसकी बिक्री करने की बात स्वीकार की। इसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस टीम में नामकुम थाना प्रभारी रामनारायण सिंह सहित नामकुम और टाटीसिल्वे थाना के पुलिस पदाधिकारी एवं सशस्त्र बल शामिल थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story