लूटपाट मामले में ऑटो चालक सहित दो गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
लूटपाट मामले में ऑटो चालक सहित दो गिरफ्तार


रांची, 14 सितंबर (हि.स.)। ऑटो चालक और उसके साथी ने एक बुजुर्ग यात्री को सुनसान जगह ले जाकर चाकू के बल पर लूट लिया। पुलिस ने इस मामले में ऑटो चालक सहित दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के पास से लूट में इस्तेमाल ऑटो, मोबाइल फोन और नकद बरामद किए गए हैं।

सिटी एसपी पारस राणा ने सोमवार को बताया कि यह लूट की घटना 10 सितंबर की रात की है। मो अनजार अहमद (61) गया से लौटने के बाद रात करीब 09 बजे बुटी मोड़ के पास एक ऑटो में बैठे थे। ऑटो में चालक के अलावा 02 अन्य व्यक्ति पहले से बैठा हुआ था। अनजार अहमद को अरगोड़ा जाना था।

ऑटो चालक ने हरमू बिजली ऑफिस के पास पहुंचने के बाद मुख्य सड़क छोड़ दी और ऑटो को सुनसान इलाके में ले गया। वहां चालक और उसके साथी ने चाकू दिखाकर बुजुर्ग के साथ मारपीट की और उनके पास से करीब 22 हजार रुपये नकद, मोबाइल और कुछ जरूरी दस्तावेज लूट लिए।

घटना के बाद अरगोड़ा थाना में मामला दर्ज किया गया। इसके बाद एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर पुलिस टीम ने तकनीकी जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने मामले में शामिल ऑटो चालक मोनी सिंह उर्फ पाजी उर्फ मनवीर सिंह और चिकू कुमार यादव को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल ऑटो, 03 मोबाइल फोन, कपड़े और 06 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।

गिरफ्तार आरोपित मोनी सिंह का पहले से भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ लालपुर, बरियातू, सुखदेवनगर, गोंदा और कांके थाना में चोरी, मारपीट और एनडीपीएस एक्ट सहित कई मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपितों से पूछताछ कर मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story