पिठौरिया में हथियार के बल पर घर में लूटपाट करने वाले दो आरोपित गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
पिठौरिया में हथियार के बल पर घर में लूटपाट करने वाले दो आरोपित गिरफ्तार


रांची, 31 अक्टूबर (हि.स.)। राजधानी रांची के पिठौरिया थाना क्षेत्र में हथियार के बल पर घर में घुसकर लूटपाट करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान बबन खान उर्फ दिलशाद खान और भोदु शेख के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से लूट के सामान की बिक्री से मिले दो हजार रुपये और एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किया है। मामले में शामिल तीन अन्य आरोपितों की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, 26 अक्टूबर की रात करीब 12 बजे पांच अपराधी चौली उलातू गांव निवासी संजय केशरी के घर में घुस गए थे। आरोपितों ने लोहे के डंडे जैसे घातक हथियार का भय दिखाकर घर में रखे आभूषण और नकदी लूट लिए और फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित की शिकायत पर पिठौरिया थाना में कांड संख्या 111/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

घटना की जानकारी मिलने के बाद वरीय पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर पिठौरिया थाना प्रभारी सतीश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने छापेमारी शुरू की। इस दौरान पुलिस ने प्राथमिकी अभियुक्त बबन खान उर्फ दिलशाद खान को गिरफ्तार किया। उसके पास से लूटे गए सामान को बेचने से प्राप्त दो हजार रुपये बरामद किए गए। वहीं, दूसरे आरोपित भोदु शेख को भी गिरफ्तार किया गया। उसके पास से लूट के दौरान ले जाया गया एंड्रॉयड मोबाइल फोन मिला।

पुलिस के मुताबिक, भोदु शेख मूल रूप से पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले का निवासी है। फिलहाल वह रांची के विकास इलाके में रह रहा था। पुलिस दोनों आरोपितों को गिरफ्तार करने के बाद अन्य तीन आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

छापेमारी अभियान में वरीय पुलिस उपाधीक्षक अमर कुमार पांडेय, पुलिस निरीक्षक असीत कुमार मोदी, कांके थाना प्रभारी कुणाल कुमार, पिठौरिया थाना प्रभारी सतीश कुमार सहित पिठौरिया थाना के पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।-----------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

770048 Articles

Share this story