युवक की हत्या का खुलासा, पत्नी और उसका प्रेमी गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
युवक की हत्या का खुलासा, पत्नी और उसका प्रेमी गिरफ्तार


खूंटी, 28 जुलाई (हि.स.)। पुलिस ने डहुगुटू गांव में 24 जुलाई को हुए युवक की हत्या के मामले में मृतक की पत्नी और उसके कथित प्रेमी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त हथियार सहित अन्य साक्ष्य भी बरामद किए हैं।

पुलिस की ओर से मंगलवार को जारी विज्ञप्ति के अनुसार, 24 जुलाई को खूंटी थाना क्षेत्र के डहुगुटू गांव स्थित सरना टांड़ की झाड़ियों से ठुरहू पाहन उर्फ सागर मुंडा (30) का शव बरामद हुआ था। इस मामले में मृतक की पत्नी मुक्ता कुमारी के फर्दबयान के आधार पर खूंटी थाना में दर्ज मामले की जांच शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सुरागों के आधार पर जोटो तिर्की उर्फ सेलाय (19) और कुबडू कुम्बाटोली हटिया (तुपुदाना), को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।

पूछताछ में जोटो तिर्की ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए मृतक की पत्नी मुक्ता कुमारी की भूमिका की भी जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने मुक्ता कुमारी से पूछताछ की। जांच के दौरान यह बात सामने आई कि दोनों ने मिलकर सागर मुंडा की हत्या की और साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को सरना टांड़ की झाड़ियों में फेंक दिया।

पुलिस ने अभियुक्तों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लोहे की दौली, गमछा,घटना के समय पहने गए कपड़े और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मिश्रा

Share this story