जेएसएससी-सीजीएल और जेपीएससी परीक्षा गड़बड़ी मामले में दो आरोपित गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
जेएसएससी-सीजीएल और जेपीएससी परीक्षा गड़बड़ी मामले में दो आरोपित गिरफ्तार


रांची, 14 सितंबर (हि.स.)। झारखंड में जेएसएससी-सीजीएल और जेपीएससी प्रतियोगिता परीक्षा में कथित गड़बड़ी की जांच कर रही अपराध अनुसंधान विभाग (सीआईडी) को बड़ी सफलता मिली है।

सीआईडी ने दोनों अलग-अलग परीक्षा मामले में दो आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

जेएसएससी - सीजीएल प्रतियोगिता परीक्षा से संबंधित सीआईडी थाना कांड संख्या 01/2025 में आरोपित दिलीप कुमार पासवान को गिरफ्तार किया गया है। करीब 41 वर्षीय दिलीप कुमार पासवान पश्चिम बंगाल के पश्चिम बर्द्धमान जिले के रहने वाले हैं। सीआईडी की ओर से मिली जानकारी के अनुसार आरोपित ने जेएसएससी- सीजीएल परीक्षा में कई अभ्यर्थियों को अनुचित लाभ पहुंचाया था। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

वहीं, जेपीएससी प्रतियोगिता परीक्षा से जुड़े सीआईडी थाना कांड संख्या 16/2026 में आरोपित संजीत कुमार को गिरफ्तार किया गया है। 38 वर्षीय संजीत कुमार रांची के सुखदेवनगर थाना क्षेत्र के रांची रोड इलाके का रहने वाला बताया गया है। सीआईडी के अनुसार, संजीत कुमार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

जांच में उसके कोचिंग संस्थान के संचालक होने और एजेंट के रूप में काम करने की बात सामने आई है। सीआईडी दोनों मामलों में परीक्षा में गड़बड़ी और अभ्यर्थियों को अनुचित लाभ पहुंचाने से जुड़े नेटवर्क की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story