टीएसपीसी का सब-जोनल कमांडर आदिल अंसारी उर्फ देवा गिरफ्तार
रांची, 27 फरवरी (हि.स.)। रांची पुलिस ने प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन तृतीय सम्मेलन प्रस्तुति कमेटी (टीएसपीसी) के सब-जोनल कमांडर आदिल अंसारी उर्फ देवा को लोहरदगा शहर से गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के दौरान वह भागने की कोशिश में घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए पहले सदर अस्पताल लोहरदगा और बाद में बेहतर इलाज के लिए रिम्स रांची रेफर किया गया है।
रांची एसएसपी राकेश रंजन को गुप्त सूचना मिली थी कि कई उग्रवादी घटनाओं में संलिप्त टीएसपीसी का सब-जोनल कमांडर आदिल अंसारी लोहरदगा शहर में देखा गया है। सूचना के आधार पर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक खलारी के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। टीम ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से लोहरदगा स्थित ईदगाह मोहल्ला में किराए के मकान को घेरकर कार्रवाई की।
घेराबंदी के दौरान आदिल अंसारी ने मकान की ऊपरी मंजिल से कूदकर भागने का प्रयास किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने मौके पर ही उसे गिरफ्तार कर लिया।
आदिल अंसारी पूर्व में संगठन के शीर्ष कमांडरों के साथ काम कर चुका है। संगठन में सक्रिय रहते हुए वह खलारी, पिपरवार, मैकलुस्कीगंज और बुढ़मू क्षेत्र में व्यवसायियों, ठेकेदारों, ईंट-भट्ठा संचालकों एवं कोयला कारोबारियों से रंगदारी वसूलता था। रंगदारी नहीं देने पर फायरिंग और जान से मारने की धमकी देने की घटनाओं में भी उसकी संलिप्तता पाई गई है।
पुलिस के अनुसार, हाल के महीनों में उसने सड़क निर्माण कंपनी के इंजीनियर को धमकी देकर लेवी मांगी थी। इसके अलावा दिसंबर 2024 और फरवरी 2025 में लेवी मांगने, अपहरण और मारपीट जैसी घटनाओं में भी उसकी भूमिका सामने आई है। 10 फरवरी 2025 को खलारी क्षेत्र में दहशत फैलाने के उद्देश्य से फायरिंग की घटना में भी उसका नाम आया था। उसके खिलाफ सात मामले दर्ज हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

