हथियार और 54 जिंदा कारतूस के साथ टीएसपीसी का सदस्य गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
हथियार और 54 जिंदा कारतूस के साथ टीएसपीसी का सदस्य गिरफ्तार


- चतरा-सिमरिया मुख्य मार्ग स्थित साई नाथ लाइन होटल के पास हुई गिरफ्तारी

चतरा, 12 अक्टूबर (हि.स.)। चतरा-सिमरिया मुख्य मार्ग पर साई नाथ लाइन होटल के पास से पुलिस ने हथियार और कारतूस के साथ टीएसपीसी के सदस्य को गिरफ्तार किया है। उसकी पहचान लातेहार जिले के बालूमाथ थाना क्षेत्र के मुरपा गांव के भगिया बरवा टोली निवासी मुकेश गंझू के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से एक देशी कट्टा, 54 जिंदा कारतूस, छह मिसफायर कारतूस और दो खोखे बरामद किए हैं।

चतरा के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अनिमेष नैथानी ने सोमवार को समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि 11 अक्टूबर को गुप्त सूचना मिली थी कि साई नाथ लाइन होटल के पास एक व्यक्ति हथियार लेकर घूम रहा है और किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में है। सूचना के सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए एनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) सन्नी वर्धन के नेतृत्व में छापेमारी टीम गठित की गई।

एसपी ने बताया कि छापेमारी टीम सूचना के आधार पर चतरा-सिमरिया मुख्य मार्ग स्थित साई नाथ लाइन होटल के पास पहुंची। पुलिस को देखते ही वहां मौजूद एक व्यक्ति जंगल की ओर भागने लगा। पुलिसकर्मियों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक देशी कट्टा और जिंदा कारतूस बरामद किए गए।

पूछताछ के दौरान आरोपित की निशानदेही पर जंगल में छिपाकर रखे गए कारतूस भी बरामद किए गए।

एसपी अनिमेष नैथानी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपित को टीएसपीसी के एक नक्सली ने हथियार और कारतूस रखने के लिए दिए थे। उन्होंने बताया कि आरोपित तृतीय प्रस्तुति कमेटी (टीएसपीसी) से जुड़ा हुआ था और राहुल दुबे गैंग के संपर्क में भी था। इस मामले में सदर थाना कांड संख्या 421/2026 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-बी)ए, 26 और 35 के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने आरोपित को जेल भेज दिया है।

छापेमारी टीम में एसडीपीओ सन्नी वर्धन, सदर थाना प्रभारी पुलिस निरीक्षक अनिल उरांव, पुलिस अवर निरीक्षक सुनील कुमार, सहायक अवर निरीक्षक रवि रंजन कुमार और सदर थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

--------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेन्द्र तिवारी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

759690 Articles

Share this story