चुट्टूपालू घाटी में 30 फीट गहरी खाई में गिरा ट्रक
रामगढ़, 10 जुलाई (हि.स.)। रामगढ़ - रांची राष्ट्रीय राजमार्ग 33 पर शुक्रवार को चुट्टूपालू घाटी में एक बार फिर सड़क हादसा हुआ। इस घाटी में ब्रेक फेल की वजह से लकड़ी लदा एक ट्रक 30 फीट गहरी खाई में जा गिरा।
इस हादसे में ट्रक के परखच्चे उड़ गए और ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही रामगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और राहत बचाव कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद गंभीर रूप से घायल ड्राइवर को खाई से बाहर निकाला गया और इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। रामगढ़ थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडे ने बताया कि रांची की ओर से आ रहा ट्रक घाटी में अनियंत्रित हो गया। ब्रेक फेल होने की वजह से यह घटना घटी है। फिलहाल ड्राइवर की पहचान नहीं हो पाई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

