रांची के सिल्ली में बॉक्साइट लदे ट्रक में लगी आग, जांच में जुटी पुलिस

WhatsApp Channel Join Now
रांची के सिल्ली में बॉक्साइट लदे ट्रक में लगी आग, जांच में जुटी पुलिस


रांची, 03 अप्रैल (हि.स.)। राजधानी रांची के सिल्ली इलाके में शुक्रवार को एक बॉक्साइट लदे ट्रक में अचानक भीषण आग लग गई। यह घटना नवाडीह के पास उस समय हुई, जब ट्रक लोहरदगा से हिंडालको की ओर जा रहा था।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक में आग लगते ही चालक और खलासी ने तत्परता और सूझबूझ दिखाते हुए वाहन को तुरंत सड़क किनारे खड़ा कर दिया और सुरक्षित बाहर निकल गए। कुछ ही देर में ट्रक से तेज लपटें उठने लगीं, जिससे आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। सूचना पाकर पुलिस टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय लोगों के सहयोग से आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया।

प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है और आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।

गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि ट्रक को भारी नुकसान पहुंचा है।--------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story