मृत जवान राकेश कुमार को दी गई श्रद्धांजलि, तीनों आईजी और डीआईजी ने दिया कंधा

WhatsApp Channel Join Now
मृत जवान राकेश कुमार को दी गई श्रद्धांजलि, तीनों आईजी और डीआईजी ने दिया कंधा


रांची, 08 अप्रैल (हि.स.)। पश्चिमी सिंहभूम के सारंडा में आंधी-तूफान में पेड़ गिरने की वजह से कोबरा के जवान राकेश कुमार की हुई मौत पर रांची स्थित सीआरपीएफ के 133 कैंप में श्रद्धांजलि अर्पित की गई। जवान के पार्थिव शरीर को आईजी सीआरपीएफ साकेत सिंह, आईजी अभियान डॉक्टर माइकल राज, आईजी जगुआर अनूप बिरथरे और डीआईजी जगुआर इंद्रजीत महता ने कंधा दिया।

सीआरपीएफ कैंप में आईजी सीआरपीएफ साकेत सिंह, झारखंड पुलिस के आईजी अभियान माइकल राज, झारखंड जगुआर के आईजी अनूप बिरथरे, डीआईजी इंद्रजीत महता सहित कई अधिकारियों ने जवान को श्रद्धांजलि दी।

श्रद्धांजलि के बाद जब जवान का पार्थिव शरीर उनके गृह जिला बिहार के औरंगाबाद भेजा जाने लगा तब आईजी सीआरपीएफ, आईजी अभियान, आईजी जगुआर और डीआईजी जगुआर खुद आगे आये और पार्थिव शरीर को कंधा देकर उसे वाहन में रखा।

इस संबंध में आईजी अभियान डॉक्टर माइकल राज ने बताया कि जवान राकेश कुमार ड्यूटी के बाद अपने कैंप में पहुंचे थे, लेकिन देर रात आई तेज आंधी और बारिश के कारण पेड़ का एक बड़ा टुकड़ा राकेश कुमार के ऊपर गिर गया। जिस कारण उनके सिर पर गंभीर चोट लग गई। इस घटना में राकेश कुमार घायल हो गए, जिसके बाद राकेश को एयरलिफ्ट कर रांची लाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story