देवेन्द्रनाथ महतो ने वीर बुली महतो की 241वीं जयंती पर दी श्रद्धांजलि
रांची, 27 नवंबर (हि.स.)। कोल विद्रोह के अग्रणी नेता और स्वतंत्रता सेनानी वीर बुली महतो की 241वीं जयंती शुक्रवार को सोनाहातू प्रखंड स्थित बुली महतो चौक पर मनाई गई।
इस अवसर पर सिल्ली विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी देवेंद्र नाथ महतो ने वीर बुली महतो के वंशज परिवार के सदस्यों के साथ उनकी आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि झारखंड वीरों और शहीदों की धरती है, लेकिन वीर बुली महतो के गौरवशाली इतिहास को सरकार ने अपेक्षित सम्मान और पहचान नहीं दी है। उन्होंने कहा कि ऐसे महान स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाना जरूरी है। लोगों ने उनके अदम्य साहस, संघर्ष और ऐतिहासिक योगदान को याद किया।
उन्होंने बताया कि एक दिसंबर को सोनाहातू की ऐतिहासिक धरती पर राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार की उपस्थिति में राष्ट्रीय एकता दिवस महोत्सव आयोजित किया जाएगा। इस दौरान सोनाहातू मैदान से आयोजन स्थल तक भव्य झांकी निकाली जाएगी।
आयोजन में डुमरी विधायक जयराम कुमार महतो, झारखंड के शहीद आंदोलनकारियों के वंशज, विभिन्न जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और शिक्षाविद शामिल होंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

